अयोध्या में भगवान राम मंदिर बनने के बाद रियल एस्टेट बाजार तेजी से चर्चा में है. इसी बीच अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है. बताया गया कि एक रात अचानक अमिताभ बच्चन ने जमीन खरीदने के लिए फोन किया और कुछ ही घंटों में करीब 15 करोड़ रुपये की डील तय हो गई. इस पूरी कहानी का खुलासा द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के संस्थापक और चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने किया. उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन का सादा अंदाज और फैसला लेने की तेजी उन्हें आज भी याद है.
ये भी पढ़ें; मशहूर गायक जसबीर जस्सी ने कहा कम से कम 10, 12 बार एक एक व्हाट्सएप पर सतलुज आ चुकी है
रात 3 बजे आया था फोन
अभिनंदन लोढ़ा ने एक कार्यक्रम में बताया कि साल 2023 में वो ऑस्ट्रेलिया में थे. वहां इंडियन टाइम के हिसाब से देर रात और ऑस्ट्रेलिया में करीब 3 बजे उन्हें अमिताभ बच्चन की तरफ से कॉल और मैसेज मिला. मैसेज में लिखा था कि सुविधाजनक समय मिलने पर वापस कॉल करें. जैसे ही उन्हें पता चला कि कॉल अमिताभ बच्चन का है, उन्होंने तुरंत उन्हें फोन किया.
अमिताभ ने कही सीधी बात
फोन पर अमिताभ बच्चन ने कहा, "मैं यूपी से हूं और मुझे अयोध्या जी में जमीन लेनी है." इसके बाद दोनों के बीच जमीन को लेकर बातचीत शुरू हुई. जब अमिताभ ने कीमत पूछी तो लोढ़ा ने पहले संकोच जताया. लेकिन अमिताभ ने साफ कहा कि वो करीब 15 हजार वर्ग फुट जमीन खरीदना चाहते हैं. तब उन्हें बताया गया कि इसकी कीमत करीब 15 करोड़ रुपये होगी. हैरानी की बात ये रही कि अगले ही दिन अमिताभ बच्चन ने पूरी रकम भेज दी और डील आगे बढ़ गई.
अयोध्या में लगातार बढ़ा रहे निवेश
अमिताभ बच्चन पिछले कुछ समय से अयोध्या में लगातार निवेश कर रहे हैं. मार्च 2026 में उन्होंने करीब 2.67 एकड़ जमीन करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदी. इससे पहले साल 2025 में उन्होंने 25 हजार वर्ग फुट का प्लॉट लगभग 40 करोड़ रुपये में लिया था. वहीं 2024 में भी उन्होंने 10 हजार वर्ग फुट का प्लॉट करीब 14.5 करोड़ रुपये में खरीदा था. इसके अलावा अलीबाग में भी उन्होंने जमीन में इन्वेस्ट किया है.
आखिर क्यों सबकी पसंद बन रहा है अयोध्या
अभिनंदन लोढ़ा का कहना है कि अयोध्या अब सिर्फ आस्था का शहर नहीं रहा. यहां तेजी से विकास हो रहा है. नया एयरपोर्ट, बेहतर सड़कें, रेल कनेक्टिविटी और राम मंदिर की वजह से यहां लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है. यही वजह है कि बड़े कारोबारी, फिल्मी सितारे और दूसरे निवेशक भी अयोध्या में जमीन खरीदने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं. माना जा रहा है कि आने वाले सालों में यहां रियल एस्टेट की कीमतें और बढ़ सकती हैं.