अल्फा से पहले आलिया भट्ट बनीं रिपोर्टर, लिया भारत के सबसे तेज रनर का इंटरव्यू

जल्द अल्फा लेकर सिनेमाघरों में आ रही आलिया भट्ट ने हाल में 10.09 सेकंड का समय दर्ज कर इतिहास रचने वाले गुरिंदरवीर से खास बातचीत की. गुरिंदरवीर भारत के सबसे तेज धावक बन गए हैं

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
आलिया भट्ट की अल्फा 3 जुलाई को रिलीज होने वाली है
Social Media
नई दिल्ली:

यश राज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा' को लेकर उत्साह चरम पर है. इसी बीच फिल्म की प्रमुख अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भारत के नए ट्रैक सुपरस्टार गुरिंदरवीर सिंह से खास बातचीत की. हाल ही में 10.09 सेकंड का समय दर्ज कर इतिहास रचने वाले गुरिंदरवीर भारत के सबसे तेज धावक बन गए हैं. इस दिल छू लेने वाली और बेबाक बातचीत में गुरिंदरवीर ने अपने माता-पिता के अटूट समर्थन, अपने पिता के अधूरे खेल सपनों से मिली प्रेरणा और उन मुश्किल दौरों के बारे में बात की, जब उन्होंने लगभग खेल छोड़ने का मन बना लिया था.

बातचीत की शुरुआत करते हुए गुरिंदरवीर ने कहा, “सबसे आगे, सबसे तेज होने के लिए चाहिए फोकस, लगन और हार्ड वर्क. रेडी?” इस पर आलिया ने मुस्कुराते हुए कहा, “तो आज मेरे साथ हैं एक ऐसे एथलीट, जो भारत का गौरव हैं. 10.09 सेकंड के रिकॉर्ड समय के साथ, रनिंग ट्रैक के असली ‘अल्फा', गुरिंदरवीर सिंह. आपने कब तय किया कि आपको भारत का सबसे तेज एथलीट बनना है?”

गुरिंदरवीर ने अपने बचपन को याद करते हुए कहा, “पापा की ट्रॉफियां और मेडल्स होते थे, मैं उन्हें साफ किया करता था. उनकी एक फोटो थी जिसमें वह वॉलीबॉल खेलते हुए छलांग लगा रहे थे. मैं सोचता था कि एक दिन मैं भी ऐसे ही छलांग लगाऊंगा. फिर मैंने उसैन बोल्ट का वर्ल्ड रिकॉर्ड देखा और तय कर लिया कि मुझे एथलेटिक्स में जाना है. पापा ने कहा था कि इसमें बहुत मेहनत लगती है, लेकिन मैंने कहा कि मैं इसके लिए तैयार हूं.”

Advertisement

आलिया ने उनके पिता के अधूरे खेल करियर का जिक्र करते हुए पूछा, “आपके पापा को वॉलीबॉल करियर में चोट लगी थी, जिसकी वजह से उन्हें खेल छोड़ना पड़ा. क्या आपको याद है कि उस समय उन्हें कैसा महसूस हुआ था?” गुरिंदरवीर ने भावुक होकर जवाब दिया, “जब कभी वह दोस्तों के साथ बैठते थे तो कहते थे कि अगर खेल जारी रखा होता तो शायद आज कुछ और होता. वहीं से वह सपना मेरा सपना बन गया. जब मैंने अपनी रिकॉर्ड रेस पूरी की तो सबसे पहले मैंने उन्हें फोन किया और पूछा, ‘डैडी अब बताइए कैसा लग रहा है?' उन्होंने कहा, ‘मजा आ गया.'”

जब आलिया ने पूछा कि क्या उनके पिता उनकी शुरुआती यात्रा में काफी शामिल थे, तो गुरिंदरवीर ने कहा, “वह इतने ज्यादा शामिल थे कि उन्होंने अपने लिए कभी कुछ लिया ही नहीं. काम से लौटने के बाद भी वह मेरे लिए खाना बनाते थे. मेरे सबसे पसंदीदा शेफ मेरे पापा हैं. मेरे पहले स्पाइक्स भी वही न्यूजीलैंड से लेकर आए थे. मैं उन्हें जमीन पर भी नहीं रखने देता था. कहता था कि ये सिर्फ टेबल पर रहेंगे.”

Advertisement

आलिया ने उनके कठिन दौर का जिक्र करते हुए पूछा, “आपको चोटें भी लगीं और 2024 में एक बड़ा झटका भी लगा था?” गुरिंदरवीर ने कहा, “ऐसी स्थिति आ गई थी कि मैं पापा से कह रहा था कि पता नहीं अब कर पाऊंगा या नहीं. पापा कहते थे कि घर वापस आ जाओ, कुछ और सोच लेंगे. लेकिन उस समय मेरी मां ने हम दोनों को हिम्मत दी. उन्होंने कहा कि भगवान पर भरोसा रखो, यह मुश्किल समय भी निकल जाएगा.”

2025 में आए बदलाव के बारे में पूछने पर गुरिंदरवीर ने कहा, “मैं रिलायंस फाउंडेशन से जुड़ा और जो चीजें मैं बचपन से चाहता था, वह सब मुझे यहां मिला. अच्छी ट्रेनिंग, अच्छा माहौल, बेहतर डाइट और विश्वस्तरीय सुविधाएं. मैं नीता अंबानी मैम का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने यह फाउंडेशन शुरू किया.”

यह भी पढ़ें: 'शक्तिमान बिक गया', समय रैना के साथ दिखे मुकेश खन्ना तो फैन्स को आया गुस्सा

बातचीत के दौरान आलिया गुरिंदरवीर के लिए उनकी पसंदीदा मिठाई भी लेकर आईं. आलिया ने कहा, “हमें पता चला कि आपको मोतीचूर के लड्डू बहुत पसंद हैं, इसलिए हम आपके लिए लाए हैं.” इस पर गुरिंदरवीर ने हंसते हुए जवाब दिया, “आज तो मैं पूरे खाऊंगा!”

इसके बाद उन्होंने अपनी टीम की ओर से आलिया को एक जर्सी भेंट की. जर्सी स्वीकार करते हुए आलिया ने कहा, “यह बहुत प्यारा उपहार है. आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. आपसे बात करके बहुत अच्छा लगा.”

Advertisement

गुरिंदरवीर ने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे 2026 में आपसे मिलना था. अगर मैं पहले मिलता तो शायद इतनी बातें ही नहीं कर पाता. अब तो एक ही बात कहूंगा — फॉलो मी!” शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा' एक शानदार पॉपकॉर्न एंटरटेनर है, जो जबरदस्त एक्शन, रोमांच और भरपूर मनोरंजन का वादा करती है. यह वायआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित एक्शन फिल्म है, जो एक ऐसी लड़की की ओरिजिन स्टोरी है जिसे एक घातक असैसिन बनने के लिए तैयार किया जाता है.

आलिया भट्ट और शर्वरी अभिनीत इस फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. ‘अल्फा ' 3 जुलाई को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: जैकी श्रॉफ की फैमिली में इकलौती ग्रेजुएट हैं कृष्णा श्रॉफ, इंटरव्यू में किया चौंकाने वाला खुलासा

Featured Video Of The Day
Shiv Sena UBT में बगावत पर आज अंतिम मुहर!; Mumbai में जुटेंगे सभी बागी सांसद
Topics mentioned in this article
Alia Bhatt
Sharvari
Entertainment
Bollywood