संध्या थिएटर भगदड़ मामले में नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट ने मशहूर टॉलीवुड अभिनेता अल्लू अर्जुन को समन जारी करते हुए 22 जून को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है. दरअसल, यह पूरा मामला 4 दिसंबर 2024 का है जब फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में भारी भीड़ जमा हो गई थी. उसी दौरान अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया था और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठे थे.
इस मामले में कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 के तौर पर शामिल किया गया. कोर्ट की ओर से अब तक 19 आरोपियों को अदालत में पेश होने के लिए समन भेजा जा चुका है. जांच में पुलिस ने थिएटर मैनेजमेंट से जुड़े पहले 10 लोगों को आरोपी बनाया. इसके साथ ही अभिनेता के सुरक्षा में तैनात रहे 8 बाउंसरों को भी इस केस में शामिल किया गया. इस केस में कोर्ट ने साफ किया है कि सभी आरोपियों के अदालत में पेश होने के बाद इस मामले का औपचारिक ट्रायल शुरू किया जाएगा.
4 दिसंबर 2024 को अल्लू अर्जुन प्रीमियर शो में शामिल होने के लिए संध्या थिएटर पहुंचे थे. जैसे ही उनकी मौजूदगी की खबर फैली, थिएटर के बाहर और अंदर भारी भीड़ जुट गई. भीड़ को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई और भगदड़ मच गई. इसी दौरान एक महिला, जिनकी पहचान एम. रेवती के रूप में हुई है, की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस ने इस पूरे मामले में गंभीर धाराएं लगाई हैं, जिनमें गैर इरादतन हत्या भी शामिल है. पुलिस का आरोप है कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ और कई स्तरों पर जिम्मेदारी तय की जानी बाकी है.
घटना के बाद अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें नामपल्ली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. हालांकि, उसी दिन उनके वकीलों ने हाईकोर्ट का रुख किया और उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई. अगले दिन उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया. बाद में उन्हें नियमित जमानत भी मिल गई.
जांच के दौरान 24 दिसंबर को पुलिस ने अल्लू अर्जुन से लगभग तीन घंटे तक पूछताछ की थी. यह पूछताछ सीसीटीवी फुटेज और पुलिस द्वारा तैयार किए गए वीडियो के आधार पर की गई थी. इस पूरे मामले में पुलिस ने कुल 23 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है.