एक तरफ धुरंधर 2 का ऐसा कहर है जिसने पूरे बॉक्स ऑफिस को अपनी गिरफ्त में ले रखा है और हर दिन नए रिकॉर्ड टूट रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अक्षय कुमार ने सबको चौंकाते हुए बड़ा दांव खेल दिया है. जहां बाकी फिल्में इस तूफान से बचने के लिए अपनी रिलीज डेट आगे बढ़ा रही हैं, वहीं अक्षय अपनी फिल्म भूत बंगला को लेकर बिल्कुल भी पीछे हटने के मूड में नहीं हैं. पहले चर्चा थी कि फिल्म 17 अप्रैल तक टाल दी जाएगी, लेकिन अब साफ हो गया है कि भूत बंगला 10 अप्रैल को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर सीधा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा.
ये भी पढ़ें: तन्हाई, दर्द, प्यार और अकेलापन को कुछ ऐसे बयां करती थीं मीना कुमारी, आज की पीढ़ी भी हो जाएगी उनकी फैन
रिलीज डेट को लेकर क्यों था कन्फ्यूजन
धुरंधर 2 की बंपर कमाई को देखते हुए कई फिल्मों ने अपनी रिलीज आगे बढ़ा दी. रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया कि भूत बंगला के मेकर्स भी रिलीज डेट बदल सकते हैं ताकि फिल्म को ज्यादा समय और स्क्रीन मिल सके. फैंस भी इस बदलाव की उम्मीद कर रहे थे. लेकिन अब ये कन्फर्म हो चुका है कि ऐसा नहीं होगा और फिल्म 10 अप्रैल को ही आएगी.
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी
भूत बंगला को लेकर एक खास बात ये भी है कि इसमें अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है. दोनों ने आखिरी बार 2010 में खट्टा मीठा में साथ काम किया था. उससे पहले हेरा फेरी, भागमभाग और गरम मसाला जैसी फिल्मों ने दर्शकों को खूब हंसाया था. यही वजह है कि इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है.
अलग फ्लेवर से मिलेगा फायदा
भूत बंगला एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है जो फैमिली ऑडियंस को भी थिएटर तक खींच सकती है. धुरंधर 2 जहां सीरियस और एक्शन से भरी फिल्म है, वहीं भूत बंगला हल्की फुल्की कॉमेडी के साथ डर का तड़का देगी. दोनों फिल्मों का फ्लेवर अलग होने की वजह से बॉक्स ऑफिस पर क्लैश के बावजूद दोनों को फायदा मिल सकता है.
क्लैश हमेशा नुकसान नहीं करता
बॉलीवुड में पहले भी कई बार बड़ी फिल्मों का क्लैश हुआ है और दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया है. गदर-लगान और हाल के सालों में गदर 2 और ओएमजी 2 जैसी फिल्मों ने दिखाया कि अलग कंटेंट होने पर दर्शक दोनों फिल्मों को पसंद करते हैं. ऐसे में भूत बंगला के लिए भी उम्मीदें बनी हुई हैं.