रेणु देसाई ने खुद को पीएम मोदी की 'प्राउड अंधभक्त' बताया है. पवन कल्याण की पूर्व पत्नी और अभिनेत्री रेणु देसाई ने सोशल मीडिया पर 'धुरंधर 2' फिल्म की तारीफ की है और साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना मजबूत समर्थन जताया है. रेणु ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'धुरंधर 2' के एक सीन शेयर किया, जिसमें फिल्म में दिखाए गए एक किरदार (जिसे दाऊद इब्राहिम से जोड़ा गया है) कहता है कि चाय वाले के सत्ता में आने के बाद दुश्मनों में खौफ बढ़ गया है. इस पर रेणु ने लिखा, "बीजेपी और हमारे शानदार पीएम मोदी जी की प्राउड अंधभक्त हूं."
क्या बोलीं रेणु देसाई
उन्होंने देश की आलोचना करने वालों को नसीहत दी. रेणु ने कहा कि अगर किसी में सेना और खुफिया एजेंसियों के प्रति थोड़ा भी सम्मान है, जिनकी वजह से हम शांति से सोते और जीते हैं, तो वह देश के बारे में बुरा-भला बोलने के बाद 'धुरंधर 1 और 2' जरूर देखें. उन्होंने फिल्म की शुरुआत में श्रीमद्भगवद्गीता का श्लोक भी शेयर किया - "तुम्हारा कर्तव्य धर्म निभाना है, फल की इच्छा मत करो. जीत का वादा तुम्हें प्रेरित न करे. युद्ध का मैदान बुला रहा है, कर्म में अटल रहो." (भगवद्गीता, अध्याय 2, श्लोक 47)
रणवीर सिंह की फिल्म ने जीता दिल
'धुरंधर: द रिवेंज' (धुरंधर 2) फिल्म के निर्देशक आदित्य धर हैं और इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं. फिल्म में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन समेत कई बड़े कलाकार हैं. यह 2025 में रिलीज हुई पहली 'धुरंधर' की सफलता के बाद बनी सीक्वल है, जो जासूसी और देशभक्ति की कहानी पर आधारित है. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तेजी से कमाई की है और अब हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ में भी रिलीज हुई है.