बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा वो नाम हैं, जिन्होंने म्यूजिक वीडियो से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद साल 2008 में उनकी पहली फिल्म 1920 दर्शकों के बीच में आई. इस फिल्म को विक्रम भट्ट ने डायरेक्ट किया था. इस फिल्म से बॉलीवुड को एक नई एक्ट्रेस मिली. लेकिन डेब्यू हिट फिल्म देने के बाद भी अद शर्मा को काफी स्ट्रगल करना पड़ा. इसके बाद एक्ट्रेस की किस्मत द केरला स्टोरी से चमकी, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के गाड़े लड़े थे. बीते दिनों हॉलीवुड फिल्म ईविल डेड बर्न सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म दर्शकों को डराने में कामयाब हुई है. भारत में एक्ट्रेस अदा शर्मा इस फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा बनी हैं. हाल ही में अदा शर्मा ने NDTV से बात की और कई पहलुओं पर चर्चा की.
'ईविल डेड' का हिस्सा बनीं अदा शर्मा
अदा शर्मा ने कहा कि, "मेरे करियर की शुरुआत '1920' में भूत-प्रेत के साये में हुई थी. इसलिए यह मेरे अच्छे व्यवहार का प्रमोशन जैसा लग रहा है. आमतौर पर मुझ पर भूत सवार होते थे, लेकिन इस बार एक इंटरनेशनल हॉरर फ्रेंचाइज़ी ने मुझे चुना है. यह मेरे लिए, भारत के लिए और शायद उन सभी दर्शकों के लिए गर्व का पल है. जिन्होंने मेरे डेब्यू से लेकर आज तक मेरा साथ दिया है. यह फिल्म चार भाषाओं में रिलीज हुई है".
आगे उन्होंने कहा, "शायद उन्होंने मुझे इसलिए चुना क्योंकि मेरी ऑडियंस से ही नहीं, बल्कि हिंदी, तमिल और तेलुगू में अच्छी कनेक्टिविटी है. फिल्म 1920 के इंस्टाग्राम पर और सोशल मीडिया पर काफी वायरल क्लिप्स और वीडियोज आते हैं. जैसे वह हनुमान चालीसा. जो क्लाइमैक्स का सीन है, शायद वो देखकर उन्होंने सोचा कि मुझे लें. ऐसे देखो तो केरला स्टोरी भी एक हॉरर फिल्म ही है, लेकिन वो रियल लाइफ हॉरर था. और वहां भूत नहीं थे, लेकिन जो जिंदा इंसान थे वो भूतों से भी ज़्यादा डरावने थे".
'1920 कोल्ड विंटर' में आने वाली हैं नजर
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि रियल लाइफ में मुझे हॉरर तब लगता है जब मैंने कोई फिल्म अनाउंस की है और फिर ऑडियंस मुझसे पूछती है कि रिलीज कब होगी? क्योंकि वो जवाब मेरे पास नहीं होते, वो प्रोड्यूसर के पास होते हैं. फिर मैं सोचती हूं कि मैं कैसे क्या जवाब दूं, क्या बोलूं. तो मुझे बहुत मजा आता है. जब पूरा प्रोजेक्ट कंप्लीट हो जाए और फिर आप ऑडियंस के सामने लेकर आओ. जैसे मैंने केरला स्टोरी, सनफ्लावर 2 में किया. पूरी फिल्म कंप्लीट करने के बाद एक ट्रेलर लेकर हम लोगों ने अनाउंस किया और कहा कि ये रिलीज डेट है.
अदा शर्मा के आने वाले प्रोजेक्ट्स
आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करते हुए अदा ने कहा, "मैं एक हॉरर फिल्म कर रही हूं और मैं बहुत एक्साइटेड हूं. मैं अपना मराठी डेब्यू कर रही हूं, जो हम लोग ने अनाउंस किया है. फिल्म का नाम है गजरा. मैं गजरा में गजरा बनी हूं. मेरा नाम भी फिल्म में गजरा ही है. मैं एक ट्राइलिंगुअल फिल्म कर रही हूं, जहां मैं देवी का किरदार निभा रही हूं. मैं एक सुपरहीरो फिल्म भी कर रही हूं. एक आलसी सुपरहीरो, जिसका नाम है सुपर वेली है, और भी काफी प्रोजेक्ट्स हैं, लेकिन ये प्रोजेक्ट्स अनाउंस किए गए हैं".