हिंदी सिनेमा के इतिहास में कई गाने ऐसे हैं, जिनकी धुन, आवाज और बोल लोगों के दिल में हमेशा के लिए बस जाते हैं. लेकिन कभी-कभी किसी गीत की रिकॉर्डिंग के दौरान हुई छोटी-सी गलती भी उसी गाने की पहचान बन जाती है. ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा 1970 के दशक की एक मशहूर फिल्म से जुड़ा है. गीतकार के लिखे शब्द कुछ और थे, मगर रिकॉर्डिंग के दौरान महान सिंगर से एक शब्द बदल गया. हैरानी की बात यह है कि म्यूजिक डायरेक्टर और गीतकार ने भी उस गलती को सुधारने के बजाय उसे ऐसे ही रहने दिया. और यही गाना बाद में जबरदस्त हिट साबित हुआ. यह गाना था 'आपकी आंखों में कुछ.'
'जब हिले' की जगह गा दिया 'लब हिले'
फिल्म 'घर' के इस रोमांटिक गाने को किशोर कुमार और लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी. स्क्रीन पर विनोद मेहरा और रेखा की जोड़ी नजर आई थी. गाने के बोल मशहूर गीतकार गुलजार ने लिखे थे और संगीत आर. डी. बर्मन का था. गाने के पहले अंतरे में गुलजार ने मूल रूप से 'जब हिले' शब्द लिखे थे. लेकिन रिकॉर्डिंग के दौरान किशोर कुमार ने गलती से इसे 'लब हिले' गा दिया.