बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो फिल्म रिलीज होने के कई साल बाद भी लोगों की जुबान पर रहते हैं. इन गानों की खास बात यह होती है कि इन्हें सुनते ही लोगों के पैर थिरकने लगते हैं. ऐसा ही एक गाना है 'गल्लां गूड़ियां', जो फिल्म 'दिल धड़कने दो' का हिस्सा था. रणवीर सिंह, अनिल कपूर और फरहान अख्तर पर फिल्माया गया यह गाना आज भी शादी और पार्टियों में खूब बजाया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इतने बड़े और शानदार गाने को सिर्फ पांच मिनट में शूट किया गया था? इतना ही नहीं, इस गाने को रिकॉर्ड करने के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है.
एक ही कट में शूट हुआ था पूरा गाना
जोया अख्तर के निर्देशन में बनी फिल्म 'दिल धड़कने दो' साल 2015 में रिलीज हुई थी. फिल्म में रणवीर सिंह, अनिल कपूर, फरहान अख्तर, प्रियंका चोपड़ा और अनुष्का शर्मा जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म का गाना 'गल्लां गूड़ियां' अपनी मस्ती और शानदार म्यूजिक के लिए काफी लोकप्रिय हुआ.
इस गाने की शूटिंग किसी आम गाने की तरह कई दिनों तक नहीं चली थी. इसे सिर्फ पांच मिनट में एक ही कट में शूट किया गया था. खास बात यह थी कि इस दौरान 100 से ज्यादा बैकग्राउंड डांसर्स और फिल्म की प्रोडक्शन टीम के सदस्यों को एक साथ संभालना था. इतने सारे लोगों के बीच बिना कट लगाए गाने को फिल्माना अपने आप में बड़ी चुनौती थी.
फोन पर रिकॉर्ड किया गया था गाने का आइडिया
इस गाने से जुड़ी एक और दिलचस्प बात है. इसका आइडिया संगीतकार एहसान नूरानी को आया था. वह इस धुन को भूलना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने तुरंत अपने फोन पर इसे रिकॉर्ड कर लिया था. फिल्म के इस गाने को सुखविंदर सिंह, शंकर महादेवन, फरहान अख्तर, मनीष जे. टीपू और यशिता शर्मा ने अपनी आवाज दी है. गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान एक महिला आवाज की जरूरत पड़ी थी. इसके लिए स्टूडियो में मौजूद यशिता शर्मा की मां ने गाने की लाइन 'हेलो, हेलो डोंट माइंड मेरा यह कहना...' रिकॉर्ड की थी.
'राम लखन' के गाने से है खास कनेक्शन
'गल्लां गूड़ियां' में 1989 में आई अनिल कपूर की फिल्म 'राम लखन' का भी खास कनेक्शन देखने को मिलता है. गाने के एक हिस्से में रणवीर सिंह, फरहान अख्तर और अनिल कपूर साथ में फिल्म 'राम लखन' का मशहूर सिग्नेचर स्टेप करते नजर आते हैं. तीनों कलाकारों का यह अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था. खासकर 'वन टू का फोर' वाला स्टेप गाने के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं