बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो सालों बाद भी सुनाई दें तो पैर अपने आप थिरकने लगते हैं. ऐसा ही एक गाना है ‘दैया दैया दैया रे', जो साल 2003 में आई फिल्म ‘दिल का रिश्ता' का हिस्सा था. इस गाने में ऐश्वर्या राय का देसी अंदाज और शानदार डांस देखने को मिला था. उस वक्त ऐश्वर्या की उम्र महज 29 साल थी. रंग-बिरंगे कपड़ों में सजी ऐश्वर्या ने अपने डांस से पर्दे पर ऐसी रौनक लगाई कि हर कोई उनका दीवाना हो गया. अलका याग्निक की सुरीली आवाज में गाया गया यह गाना उस दौर में खूब लोकप्रिय हुआ और लड़कियों की प्लेलिस्ट का खास हिस्सा बन गया.
ऐश्वर्या के डांस ने लूटी महफिल
‘दैया दैया दैया रे' गाने की सबसे बड़ी खासियत ऐश्वर्या राय का देसी अंदाज था. उनके डांस मूव्स, चेहरे के हाव-भाव और खूबसूरत अदाओं ने गाने को यादगार बना दिया. गाने में ऐश्वर्या जिस तरह से ठुमके लगाती नजर आईं, उसने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा. अलका याग्निक की आवाज ने इसमें चार चांद लगा दिए. वहीं, नदीम-श्रवण का संगीत और समीर के लिखे बोल लोगों को खूब पसंद आए.
ऐसी थी फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
‘दिल का रिश्ता' 17 जनवरी 2003 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म का निर्देशन नरेश मल्होत्रा ने किया था. इसमें ऐश्वर्या राय के साथ अर्जुन रामपाल, प्रियांशु चटर्जी, राखी गुलजार, परेश रावल और ईशा कोप्पिकर जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म की कहानी जय मेहता नाम के एक अमीर युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे टिया से प्यार हो जाता है. टिया की जिंदगी में एक हादसा सब कुछ बदल देता है और उसकी याददाश्त चली जाती है. इसके बाद जय उसकी जिंदगी में सहारा बनने की कोशिश करता है.
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला जादू
फिल्म के गाने दर्शकों के बीच काफी पसंद किए गए, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ‘दिल का रिश्ता' उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई. फिल्म व्यावसायिक रूप से सफल नहीं रही. हालांकि, इसका म्यूजिक आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय है. खासकर ‘दैया दैया दैया रे' ने फिल्म से अलग अपनी पहचान बनाई. ऐश्वर्या का डांस और अलका याग्निक की आवाज इस गाने को 2000 के दशक के यादगार गानों में शामिल करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं