बॉलीवुड में केवल रोमांस और दिल टूटने के मौके के लिए ही नहीं बल्कि मौज मस्ती के माहौल के भी खूब गाने बने हैं. आज हम आपको ऐसे ही एक गाने के बारे में बताने जा रहे हैं. इस गाने में कुछ दोस्तों ने अपने एक साथी की शादी पर उसका ऐसा मजाक बनाया कि अगर ये सीन फिल्म का नहीं बल्कि असल का होता तो बेचारा शर्म से पानी पानी ही हो जाता. खैर फिल्म में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. दोस्तों ने दूल्हे बने अपने दोस्त को ही नहीं बल्कि उसके पूरे घर परिवार तक को खूब ताने मारे. आप सोच रहे होंगे कि ये कौनसा गाना है? चलिए बता देते हैं कि हम साल 2008 में आई फिल्म सिंह इज किंग के गाने की बात कर रहे हैं. इस गाने का नाम है 'भूतनी के'.
'तेन्नू घोड़ी किन्ने चढ़ाया भूतनी के'
सिंह इज किंग का ये गाना मजेदार, एनर्जेटिक पंजाबी-स्टाइल गाना है. यह गाना शादी के माहौल में दोस्तों की मस्ती से भरा एक गाना. जिसे आमतौर पर दूल्हे को चिढ़ाने और हंसी-मजाक करने के लिए गाया और बजाया जाता है. इस गाने में ढोल, भांगड़ा और कॉमिक लाइनें भरपूर हैं. गाने की शुरुआत ही बहुत जोरदार होती है. लीड एक्टर अक्षय कुमार (हैप्पी सिंह) पूरी एनर्जी और मजेदार एक्सप्रेशन के साथ डांस करते दिखते हैं. अक्षय के चेहरे के एक्सप्रेशन, स्टेप्स और टाइमिंग ने गाने को और यादगार बना दिया.
इस गाने को पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के किंग रहे दलेर मेहंदी ने गाया है. उनकी जोरदार आवाज और स्टाइल ने गाने को पार्टी वाला अंदाज दिया. इस गाने के बोल मयूर पुरी और बिमल ओबेरॉय ने लिखे थे. मतलब गाने में जो भी मजेदार लाइनें आपको सुनने को मिलती हैं “एक तेरा भाई… है स्यापा”, “चाचू लंगड़ा… पावे भंगड़ा” सब इन्हीं की करामात है. वहीं इसे म्यूजिक से सजाने की जिम्मेदारी प्रीतम ने निभाई थी.