14 साल पुराना गीत, अवधी-भोजपुरी भाषा के रंग में रंगा, बताता है पत्नी के दिल का हाल, जब रेल भी लगने लगी थी बैरन

14 साल पहले भोजपुरी और अवधी भाषा के रंग में रंगा एक ऐसा गीत आया था जिसने पति से दूर रहने वाली हर पत्नी के दिलों के तार छेड़ दिए. इसे कल्पना पटवारी, मालिनी अवस्थी, मैथिली ठाकुर समेत तमाम बड़ी सिंगर्स ने अपनी अपनी आवाज और अंदाज में गाया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पत्नी के विरह के दर्द को बखूबी बयां करता है 'रेलिया बैरन'
Social Media
नई दिल्ली:

दिवाली करीब है, करवाचौथ का व्रत 29 अक्तूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा. ऐसे में हर किसी के मन में यही चाह होती है कि वह अपने घर पहुंच जाए. घर से दूर रहने वाले महीने पहले अपने गांव-घर लौटने की तैयारी में जुट जाते हैं. घर परिवार वाले भी इसी सोच में होते हैं कि उनके अपने, बेटे, बेटियां उनके करीब हों. ये दूरी उन शादीशुदा महिलाओं के लिए भी बहुत दुखदायी होती है जिनके पति काम के सिलसिले में बाहर होती है. इनकी इसी तकलीफ पर अवधी-भोजपुरी में एक बेहद प्यारा गाना भी बना है. करीब 14 साल पहले आया ये पति के इंतजार में बैठी महिलाओं के लिए बहुत ही सटीक है. इस गीत में उनकी वेदना साफ नजर आती है. वह पति के विरह से इतनी तंग हो चुकी हैं कि उन्हें शहर तक ले जाने वाली रेल भी दुश्मन लगने लगती है.

इस गाने के बोल हैं "रेलिया बैरन पिया को लिये जाय रे" यह एक बहुत पुराना और मशहूर भारतीय लोकगीत है. यह अवधी और भोजपुरी क्षेत्र के परंपरागत विरह गीतों में से एक है. इस गीत में एक स्त्री की वेदना को बहुत मार्मिक तरीके से जाहिर किया गया है. गाने का भाव यह है कि रेलगाड़ी को “बैरन” यानी दुश्मन कहा गया है क्योंकि वह उसके पिया को लेकर दूर चली जाती है. इस गाने में पत्नी रेलगाड़ी को कोसती है. वह कहती है कि ऐसा पानी बरसे कि उसके पति की टिकट गल जाए. जिस शहर में वह जा रहा है वहां आग लग जाए. अगर वह किसी साहब का नौकर है तो उसे गोली लग जाए, और अगर वह किसी सौत के चक्कर में है तो वह धतूरा खाकर बावली हो जाए.

यह भी पढ़ें: करवा चौथ का 33 साल पुराना गाना, हरी साड़ी और हाथों में चूड़ियां, साधना सरगम की आवाज में अमर हो गई हर सुहागिन के दिल की आवाज

ये लाइनें सुनने में भले ही थोड़ी कड़वी लगें, लेकिन इनमें एक पत्नी का गहरा प्यार, उसका अकेलापन और अपने प्रिय से बिछड़ने का गम छिपा है. पुराने समय में जब मोबाइल या बातचीत के साधन नहीं थे तो बस एक चिट्ठी का सहारा होता था. यही वजह है कि पति से बिछड़ने पर वह इतनी व्याकुल हो जाती है.

Advertisement

किसने गाया है 'रेलिया बैरन'?

यह गाना अलग अलग सिंगर्स ने अपने-अपने अंदाज में गाया है. कल्पना पटवारी की आवाज में यह गाना 2003 में टी-सीरीज के एलबम Reliya Bairan में जारी हुआ था. उनकी मधुर और मार्मिक आवाज ने इस पारंपरिक गीत को नई जान दी. इसके अलावा मालिनी अवस्थी, क्षमा पांडे, और कई दूसरे लोक गायकों ने भी इसे गाया है. मालिनी अवस्थी ने लाइव परफॉर्मेंस में कई दफा इस गाने को गाया है.

Featured Video Of The Day
Anant Singh JDU News: बाहुबली विधायक अनंत सिंह को JDU ने निकाला, Jan Suraaj में होंगे शामिल?
Topics mentioned in this article
Hindi Songs
Malini Awasthi
Entertainment News
Hindi News
Bhojpuri Song

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं