नवाजुद्दीन सिद्दीकी की OTT पर वापसी, डॉ. हसन सीरीज की पहली झलक में जीत ले गए दिल, जानें रिलीज डेट

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने OTT की दुनिया में जबरदस्त दस्तक दे दी है. लंबे समय से वेब सीरीज से दूर रहे गैंग्स ऑफ वासेपुर एक्टर की जियोहॉटस्टार की नई वेब सीरीज डॉ. हसन की पहली झलक रिलीज हो गई है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
नवाजुद्दीन सिद्दीकी OTT पर कर रहे वापसी, जियोहॉटस्टार पर आ रही वेब सीरीज
youtube
नई दिल्ली:

नवाजुद्दीन सिद्दीकी फिर से OTT पर दस्तक देने जा रहे हैं. जियोहॉटस्टार ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर 'डॉ. हसन' का टीजर रिलीज कर दिया है, जबकि इस सीरीज का प्रीमियर 11 दिसंबर को होना है. टीजर एक अनोखे डॉक्टर से मिलवाता है, जो एक ऐसा मेडिकल जीनियस है, जिसके लिए कोई भी उलझा हुआ मामला सुलझाना कोई बड़ी बात नहीं, लेकिन उसकी पर्सनेलिटी अपने आप में उतनी ही अजीब है. ये सीरीज जियोहॉटस्टार की कहानियों में एक बहुत बड़ा एडिशन है, जो खुद में बोल्ड, लीक से अलग और भारतीय संस्कृति और हक़ीक़त से जोड़े हुए है। 

नवाजुद्दीन सिद्धिकी द्वारा निभाया गया डॉ. हसन का किरदार किसी आम डॉक्टर का नहीं है. जब सभी किसी मेडिकल मिस्ट्री का जवाब खोज रहे होते हैं, तब डॉ. हसन अपनी अनोखी प्रतिभा की वजह से उसका जवाब जानते हैं, जिसकी वजह से सभी को उनका रुख करना पड़ता है. लेकिन उनकी खासियत के साथ कुछ अजीब आदतें भी उनसे जुड़ी हैं, जो उनके द्वारा सुलझाए जाने वाले मामलों को अलग होने के साथ अप्रत्याशित भी बनाती हैं. इस कहानी के केंद्र में डॉक्टर हसन का अनोखा किरदार है, जो सीरीज को एक टिपिकल मेडिकल ड्रामा से अलग बनाता है. इस तरह से इसमें दर्शकों को दिलचस्प केस, ह्यूमर और किरदारों के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिलेगा.

रोहन सिप्पी डायरेक्टेड इस सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा के साथ फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू जैसे दमदार कलाकार हैं. वहीं, सीरीज की कहानी को विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने भारतीय दर्शकों के लिए तैयार करते हुए, इसकी स्क्रिप्ट लिखी है. डायलॉग विराट बसोया ने लिखे हैं. बानीजय एशिया के बैनर तले इस सीरीज को दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने प्रोड्यूस किया है, जबकि विभास सिंह गौतम एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं.

जियोस्टार में हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज) के हेड आलोक जैन ने कहा, "जियोहॉटस्टार पर हम हर कहानी को कुछ अलग, हटकर और हमारे देश की पहचान से जुड़ा हुआ रखना चाहते हैं. अच्छे किरदार हर जगह के दर्शकों को पसंद आते हैं, लेकिन वे तभी असली लगते हैं, जब उनकी कहानी दर्शकों की अपनी दुनिया से जुड़ी हो. 'हाउस' ने दुनिया को टीवी के सबसे यादगार किरदारों में से एक दिया था. 'डॉ. हसन' के जरिए हम उसी अंदाज को भारतीय रंग में पेश करना चाहते थे, जिसमें हमारा अपना ह्यूमर और इंसानियत हो. हमने सोचा कि अगर यह कहानी भारत में ही शुरू होती, तो कैसी होती? इसका जवाब हमें इसे पूरी तरह भारतीय बनाने में मिला, फिर चाहे बातचीत हो, रिश्ते हों या रोजमर्रा की जिंदगी. हमारा मानना है कि जो कहानियां अपनी जड़ों से जुड़ी होती हैं, वे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचती हैं। हम जो भी कहानी चुनते हैं, उसके पीछे यही सोच होती है."

Advertisement

सीरीज के बारे में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, "बचपन में मुझे याद है कि मैं अपने शहर में क्लीनिक और दवाखानों के आसपास काफी समय बिताया करता था. वहां हमेशा कुछ दिलचस्प लोग और अलग-अलग तरह की घटनाएं देखने को मिलती थीं. 'डॉ. हसन' की कहानी पढ़ते समय मुझे बचपन की वही यादें फिर से ताजा हो गईं. इस किरदार को निभाने में मुझे सबसे ज्यादा मजा इस बात का आया कि कैसे उसकी गजब की समझदारी और दुनिया को देखने का उसका बिल्कुल अलग नजरिया एक साथ दिखाया जाए. एक एक्टर के तौर पर आपको किरदार की छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना पड़ता है, जैसे वह कैसे बात करता है, कैसे रिएक्ट करता है, उसका व्यवहार कैसा है और आसपास के लोगों से उसका रिश्ता कैसा है. हसन के किरदार की इन सभी खूबियों को समझना और उसे पर्दे पर उतारना मेरे लिए काफी मजेदार रहा. इस किरदार के लिए मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं जियोहॉटस्टार का शुक्रगुजार हूं. ऐसे अलग तरह के किरदार बहुत कम मिलते हैं और जियोहॉटस्टार ने कुछ नया और हटकर करने का जो भरोसा दिखाया, उसने इस अनुभव को और भी खास बना दिया."

Advertisement

बानीजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के फाउंडर और सीईओ दीपक धर ने कहा, "हाउस' को दुनियाभर के दर्शकों ने सालों तक पसंद किया है, इसलिए इसे भारतीय दर्शकों के लिए बनाते समय हमने हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखा है. 'डॉ. हसन' इसी कहानी का भारतीय रूप है, जिसे इस तरह पेश किया गया है कि यहां के दर्शक इससे जुड़ाव महसूस कर सकें."

'डॉ. हसन' हिट सीरीज हाउस पर आधारित है, जिसे डेविड शोर द्वारा क्रिएट जबकि हील एंड टो फिल्म्स, शोर जेड प्रोडक्शंस, बैड हैट हैरी प्रोडक्शंस और यूनिवर्सल स्टूडियो ग्रुप की एक यूनिट यूनिवर्सल टेलीविजन द्वारा प्रोड्यूस किया गया है. वहीं, केटी जैकब्स, डेविड शोर, पॉल अटानासियो, ब्रायन सिंगर और डैन सैकहेम ने एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की कमान संभाली है. 

Featured Video Of The Day
लुधियाना में ढोंगी बाबा ने हिप्नोटाइज कर ज्वेलरी शॉप से उड़ाए सोने के गहने
Topics mentioned in this article
Nawazuddin Siddiqui
JioHotstar
OTT
Hindi News
Entertainment

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं