उत्तर प्रदेश में हुई यूपी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा से चेकिंग का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आप समझ नहीं पाएंगे कि हंसे या रोएं. परीक्षा में नकल रोकने और मुन्ना भाइयों को पकड़ने के लिए यूपी पुलिस ने ऐसी मुस्तैदी दिखाई कि चेकिंग के सारे रिकॉर्ड ही टूट गए. वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी अभ्यर्थी का मुंह खुलवाकर उसके अंदर तक मेटल डिटेक्टर घुसाता नजर आ रहा है, मानो दांत, जीभ और हलक के अंदर कोई गैजेट छिपा हो. वहीं दूसरी तरफ, मेटल डिटेक्टर को अभ्यर्थी के सिर पर ऐसे घुमाया जा रहा है जैसे सैलून में हेड मसाज (Head Massage) चल रहा हो. नकल रोकना और परीक्षा की शुचिता बनाए रखना बेहद जरूरी है, लेकिन क्या चेकिंग के नाम पर अभ्यर्थियों के साथ ऐसा भद्दा सलूक जायज है? क्या देश की किसी अन्य बड़ी परीक्षा (जैसे IIT या UPSC) में ऐसी चेकिंग देखी गई है? देखिए यूपी पुलिस की इस 'अनोखी मुस्तैदी' पर एनडीटीवी की यह विशेष और मजेदार रिपोर्ट.