यूपी के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में एक अज्ञात युवक द्वारा घुसकर हंगामा करने और जान से मारने की धमकी देने की गंभीर घटना सामने आई है. घटना के वक्त ओम प्रकाश राजभर और उनके बेटे डॉ. अरविंद राजभर दफतर में मौजूद नहीं थे. ऑफिस प्रभारी धर्मप्रकाश चौधरी द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत (तहरीर) के अनुसार, राशिद अली नाम के एक शख्स ने पहले फोन कर कार्यालय में मौजूदगी की पुष्टि की और फिर अंदर घुस आया. ऑफिस में घुसते ही राशिद ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर और डॉ. अरविंद राजभर के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के बाद यूपी की राजनीति गरमा गई है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है.