दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है, लेकिन यूपी की सियासत में खासकर चुनाव से पहले यह त्यौहार आस्था तक सीमित नहीं रहता, बल्कि चुनावी हथियार बन जाता है. इस बार भी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यही हुआ. जब देश में रावण दहन हो रहा था, यूपी में राम के नाम पर अयोध्या कांड का नया अध्याय और रावण के पोस्टर-वीडियो वॉर शुरू हो गया. पहले बीजेपी के उपाध्यक्ष की तरफ से अखिलेश यादव को रावण दिखाने वाला AI वीडियो जारी हुआ. इसके बाद समाजवादी पार्टी ने भी उसी अंदाज में जवाबी वीडियो जारी किया. अखिलेश ने कहा- सुबह उठे तो बीजेपी ने रावण वाला वीडियो डाल दिया था, हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने आप जवाब बनाकर भेज दिया. AI का इस्तेमाल अच्छाई के लिए होना चाहिए, बीजेपी बुराई के लिए कर रही है.