उज्जैन में चमत्कार! 9 दिन से नहीं हिली खड़े हनुमान जी की मूर्ति, क्रेन-मशीनें फेल

  • 3:55
  • प्रकाशित: सितम्बर 09, 2026

महाकाल की नगरी उज्जैन में इन दिनों हनुमान जी चर्चा में हैं. सड़क चौड़ीकरण के चलते 150 साल पुराने खड़े हनुमान जी की 8 फीट ऊंची मूर्ति को हटाया जाना था, लेकिन 9 दिनों की कोशिश के बाद भी प्रशासन मूर्ति को हिला तक नहीं पाया है. क्रेन और मशीनें तक नाकाम हो गई हैं.मूर्ति की खासियत है कि इसे बिना सहारे खड़ा रखने के लिए 4 से 5 फीट की शिला जमीन के नीचे गड़ी है. अब स्कैनिंग कर पता लगाया जा रहा है कि शिला अंदर तक कहां तक है, ताकि खुदाई कर मूर्ति को निकाला जा सके. इसे लोग आस्था से जोड़कर देख रहे हैं. सोशल मीडिया पर खबर वायरल होते ही महाकाल दर्शन करने आने वाले भक्त अब खड़े हनुमान जी के भी दर्शन करने पहुंच रहे हैं. मूर्ति के आसपास टेंट लगाया गया है. शिप्रा आरती की तर्ज पर खड़े हनुमान जी की भव्य आरती हो रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक रोज 5 हजार से ज्यादा लोग दर्शन कर रहे हैं, अब तक 1 से 1.5 लाख लोग दर्शन कर चुके हैं. लोग कह रहे हैं कि प्रशासन जनता की भावना का सम्मान करे. फिलहाल लोग सामान्य रूप से दर्शन कर रहे हैं और प्रशासन आगे की रणनीति पर विचार कर रहा है कि मूर्ति को सुरक्षित कैसे हटाया जाए.