शाह-चाचा का आदेश, ड्रोन से आए थे हथियार... गंगानगर ब्लास्ट केस में ISI का नया ट्रैप

  • 5:10
  • प्रकाशित: नवम्बर 15, 2026

राजस्थान के श्री गंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में बड़ी गिरफ्तारी हुई है. पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपियों महकदीप कौर और दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है. इस मामले में ATS, NIA, IB समेत कई एजेंसियां जांच में जुटी हैं.पुलिस के मुताबिक, महिला आरोपी महकदीप कौर पाकिस्तान के दो हैंडलर शाह और चाचा के संपर्क में थी. ये दोनों हैंडलर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करते हैं. इन्हीं के कहने पर महकदीप ने दविंदर सिंह को साथ मिलाया और 3 नवंबर को श्री गंगानगर के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया. ब्लास्ट में रेलवे ट्रैक के दो स्लीपर को नुकसान पहुंचा और करीब 2.5 फुट गहरा गड्ढा हो गया.

 राहत की बात ये रही कि उस वक्त वहां से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी, नहीं तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था.पुलिस ने महिला के पास से 46 कारतूस, 2 पिस्टल और करीब 30,000 रुपये बरामद किए हैं. जांच में सामने आया है कि हथियार और विस्फोटक ड्रोन के रास्ते पाकिस्तान से पंजाब आए थे.पुलिस का कहना है कि ISI का एक नया ट्रेंड सामने आ रहा है, जिसमें भारत में रहने वाली अकेली महिलाओं को रोमांटिक बातों और पैसे का लालच देकर ट्रैप किया जा रहा है. महकदीप का पति नशा तस्करी के आरोप में लंबे समय से जेल में है और वो अकेली रह रही थी. इस मामले में तीन और लोगों को भी पकड़ा गया है, जिन पर लॉजिस्टिक सपोर्ट देने का शक है.