राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस के सभी 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गुरुवार को FIR दर्ज होने के बाद इन सभी को हिरासत में लिया गया था. रात भर से ये सभी हिरासत में ही रहे, अब SIT सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उल्लेखनीय हो कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष यादव पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. इन सभी पर चोरी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड़यंत्र समेत विभिन्न आरोपों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है.