जोधपुर नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए सीवरेज सफाई के लिए एक आधुनिक रोबोट खरीदा है. अक्सर सीवरेज लाइन की सफाई के दौरान कर्मचारियों की जहरीली गैसों की चपेट में आने से जान चली जाती है, ऐसे में अब रोबोट के जरिए सफाई का काम किया जाएगा. यह रोबोट करीब 20 फीट गहरे सीवरेज चैंबर में जाकर इंसानों की तरह काम कर सकता है. इसमें 4 एचडी कैमरे और 4 रोबोटिक हाथ लगे हुए हैं. इससे 360 डिग्री तक इंसानों की तरह घूम कर कार्य कर सकता है, जिनकी मदद से सीवरेज के अंदर जमा कीचड़, पत्थर, प्लास्टिक और मिट्टी को बाहर निकाला जा सकता है. नगर निगम ने रोबोट खरीदने पर करीब 44 लाख रुपए खर्च किए हैं. जबकि इसे ले जाने के लिए 19 लाख रुपए का वाहन भी खरीदा गया है. पूरे एक साल के ट्रायल कॉन्ट्रैक्ट में निगम पर करीब 79 लाख रुपए का खर्च आएगा.