लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे चर्चित मानहानि मामले में आज बड़ा फैसला आने वाला है. सुल्तानपुर की स्पेशल MP-MLA कोर्ट 2018 में अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़े मामले में अपना फैसला सुनाएगी. फैसले के दौरान राहुल गांधी खुद अदालत में मौजूद रहेंगे. इसे देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. जानकारी के अनुसार राहुल गांधी सोमवार को करीब 11 बजे सुल्तानपुर स्थित MP-MLA कोर्ट पहुंच सकते हैं. उनके आगमन को देखते हुए अदालत परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. यह मामला कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मई 2018 में बेंगलुरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़ा है.