NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर, JPSC-JSSC की धांधली के खिलाफ रांची के बाद अब BPSC और शिक्षक भर्ती के लिए बिहार से छात्र आंदोलन उग्र होने के आसार लग रहे हैं. आने वाले कुछ दिनों में जंतर-मंतर और रांची जैसी तस्वीरें बिहार की राजधानी पटना से भी सामने आ सकती है. क्योंकि बिहार में छात्रों का आंदोलन फिर से तेज हो रहा है. पटना में छात्र और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा अपनी मांगों को लेकर सड़क पर हैं. पेपर लीक, परीक्षा में देरी, भर्ती नहीं होने और शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं होने से छात्रों में गुस्सा है. अब इस आंदोलन में राजनीतिक दल भी खुलकर शामिल हो रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को राजभवन मार्च निकालने का ऐलान किया है. वहीं सांसद पप्पू यादव भी छात्रों के बीच पहुंचकर उनके आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं.