हाथरस में डांसर के साथ अश्लील हरकत, लड़की ने जड़ा थप्पड़, जमकर हुआ बवाल

उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ 3 जून को आयोजित एक स्टेज शो में प्रस्तुति दे रही हरियाणवी डांसर के साथ सरेआम मंच पर बदसलूकी की गई. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक मंच पर आकर डांसर के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करता नजर आ रहा है. डांसर ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को तुरंत थप्पड़ रसीद किया और जमकर खरी-खोटी सुनाई.

घटना के बाद अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़िता भावुक हो गईं. उन्होंने बताया कि आरोपी ने बेहद गंदी हरकत की और तब से उन्हें भारी मानसिक प्रताड़ना और सोशल मीडिया ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. बदनामी के डर से वह कई दिनों तक घर से बाहर नहीं निकल पाईं. पीड़िता का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगी, चाहे इसके लिए उन्हें अपनी जान ही क्यों न देनी पड़े.

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है. साथ ही, बिना अनुमति के इस कार्यक्रम का आयोजन करने वाले आयोजकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. यह घटना एक बार फिर महिला कलाकारों की सुरक्षा और समाज की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

हाथरस से अश्विनी के साथ ब्यूरो रिपोर्ट, एनडीटीवी इंडिया.

संबंधित वीडियो