अरब सागर में 'खौलता हुआ रहस्य'! गुजरात तट के पास समंदर में बना विशालकाय घेरा, मछुवारों में फैली दहशत

  • 1:25
  • प्रकाशित: जनवरी 20, 2026

अरब सागर में गुजरात तट के पास समुद्र के बीचों-बीच पानी के तेजी से घूमने और उसमें से उबलते हुए बुलबुले निकलने की एक रहस्यमयी घटना सामने आई है। इस विचित्र हलचल ने प्रशासन और मछुआरों की नींद उड़ा दी है।

वसई के पाचूबंदर की एक मछली पकड़ने वाली नाव 11 जनवरी को इस खतरनाक प्रवाह की चपेट में आ गई थी। घटना का वीडियो सामने आने के एक हफ्ते बाद भी अब तक कोई भी सरकारी एजेंसी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि आखिर समुद्र की गहराई में यह पानी का चक्रव्यूह क्यों बना। वसई के पाचूबंदर निवासी कृष्णा मोरलीखांड्या की नाव 'ओम नमः शिवाय' जब तट से लगभग 66 नॉटिकल मील दूर गहरे समंदर में मछली पकड़ रही थी, तब उनका सामना इस डरावने मंजर से हुआ।

मछुआरों ने देखा कि मटमैले रंग का पानी एक विशाल घेरे में बड़ी तेजी से घूम रहा है और ऐसा लग रहा है मानो समंदर उबल रहा हो। कुछ देर के लिए नाव उस भंवर में फंस गई थी, लेकिन मछुआरों ने सूझबूझ दिखाई और इंजन की रफ्तार बढ़ाकर नाव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मछुआरों द्वारा बनाए गए वीडियो में पानी के भीतर से उठते हुए गुबार और उबलते पानी जैसी हलचल साफ देखी जा सकती है।

पालघर जिला आपदा प्रबंधन कक्ष के प्रमुख विवेकानंद कदम ने इस घटना को असामान्य बताया है। प्राथमिक अनुमानों के अनुसार, यह समुद्र के नीचे गैस रिसाव, किसी भूगर्भीय हलचल या ओएनजीसी (ONGC) की पाइपलाइन में लीकेज के कारण हो सकता है। फिलहाल समुद्री अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है और उस क्षेत्र में जाने वाले जहाजों व नावों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मत्स्य विभाग के सहायक आयुक्त दिनेश पाटिल ने बताया कि मामले की जानकारी नौसेना, तटरक्षक बल और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशोनोग्राफी को दे दी गई है। राहत की बात यह है कि विशेषज्ञों ने इसे भूकंप से जुड़ी घटना होने से इनकार किया है। वहीं, NIO की प्रभारी मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सोनिया सुकुमारन ने ईमेल के जरिए सुझाव दिया है कि इस घटना की वास्तविकता जानने के लिए जियोफिजिकल यानी भूभौतिकीय अध्ययन करना अनिवार्य है। मछुआरों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठाए ताकि भविष्य में होने वाले किसी बड़े हादसे को टाला जा सके और समुद्र में जाने वाले कामगारों के मन से डर दूर हो सके।