ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित कलाधाम सोसाइटी के पास 6 साल के मासूम अयान सूर्या की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. हादसा देर रात हुआ, जब अयान अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था. बताया जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी द्वारा बोरिंग के लिए करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जो बारिश के कारण पानी से भर गया था. आरोप है कि गड्ढे के चारों ओर न कोई बैरिकेडिंग थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगा था.
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भारी गुस्सा है. उनका कहना है कि अथॉरिटी की लापरवाही के कारण एक बच्चे की जान गई. मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने कहा कि शुरुआती जांच में बैरिकेडिंग न मिलने की बात सामने आई है. अगर ठेकेदार की लापरवाही साबित होती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने बताया कि बोरिंग का काम जनता की मांग पर ट्यूबवेल के लिए शुरू किया गया था, लेकिन जगह बदली गई और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए. प्रशासन ने ठेकेदार मनोज जैन और टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश व जेनी कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें काम से हटा दिया है. मृतक बच्चे के पिता शिवान यादव शिक्षक हैं. घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है. रिपोर्टर्स की ग्राउंड रिपोर्ट में दिखा कि हादसे के बाद ही अथॉरिटी ने वहां बैरिकेडिंग लगाई. लोग सवाल कर रहे हैं कि हर बार किसी की जान जाने के बाद ही प्रशासन क्यों जागता है. इससे पहले भी नोएडा सेक्टर-150 में एक 26 साल के युवक की इसी तरह गड्ढे में गिरने से मौत हो चुकी है.