केरल में भारी बारिश से तबाही, 11 जिलों में स्‍कूल-कॉलेज बंद, अबतक 8 लोगों की मौत

  • 4:06
  • प्रकाशित: अगस्त 03, 2026

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए हैं. बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लोग घायल और 8 लोग लापता बताए जा रहे हैं. राज्य के 11 जिलों में स्कूल और कॉलेज एहतियातन बंद कर दिए गए हैं. पथनमथिट्टा जिले में पंपा नदी के उफान के कारण पानी लोगों के कमर तक पहुंच गया है. पथनमथिट्टा में स्थित प्रसिद्ध अरनमुला पार्थसारथी मंदिर के आसपास के इलाके पूरी तरह जलमग्न हैं. 2018 की बाढ़ के बाद यह पहली बार है जब यहां इतनी भयावह स्थिति बनी है. प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. ज्यादातर घर खाली करवा दिए गए हैं और लोगों को पास के स्कूलों में बनाए गए राहत शिविरों में भेजा जा रहा है. कुछ लोग अभी भी फर्स्ट फ्लोर पर रह रहे हैं. केरल के मंत्री वी.एन. वासवन ने कहा कि स्थिति बहुत गंभीर है और सरकार के निर्देशों का पालन करना जरूरी है. वहीं विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने सरकार पर समन्वय में कमी का आरोप लगाया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भी और बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है. 

संबंधित वीडियो