एनएफ रेलवे के कटिहार रेल मंडल की व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब मानसून की पहली मूसलाधार बारिश ने कटिहार रेलवे स्टेशन को जलमग्न कर दिया. बारिश के बाद स्टेशन परिसर में जगह-जगह पानी भर गया और प्लेटफॉर्मों पर झरने जैसा नजारा देखने को मिला. कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर छत से पानी टपकता नजर आया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बरसात के पानी से बचने के लिए यात्री इधर-उधर भागते दिखाई दिए. स्टेशन पर जलभराव और खराब जल निकासी व्यवस्था को लेकर यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली.