जयपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी JDA ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. न्यू सांगानेर रोड से सोडाला तक सड़क चौड़ीकरण के लिए दूसरे चरण का बुलडोजर एक्शन चल रहा है. JDA के मुताबिक, इस रूट पर करीब 210 दुकानों और मकानों के अवैध अतिक्रमण को चिन्हित किया गया है. कार्रवाई के लिए 5 से 6 टीमें बनाई गई हैं. मौके पर पुलिस-प्रशासन तैनात है और ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है. जनपद चौराहे पर एक मल्टीप्लेक्स होटल पर कार्रवाई के दौरान बिजली कटौती नहीं होने के कारण JDA को कुछ देर के लिए काम रोकना पड़ा. बाद में बिजली कटौती कर कार्रवाई फिर शुरू की गई. आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. JDA का कहना है कि कई बार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, इसलिए आज बुलडोजर चलाना पड़ा. वहीं व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है. कई महिलाओं का कहना है कि उन्हें विश्वास में रखा गया था, लेकिन अब उनके साथ धोखा हो रहा है.