ईरानी फरमान, होर्मुज के पास न आएं जहाज, ऐलान सुनते ही दुनिया में हड़कंप

  • 8:13
  • प्रकाशित: अप्रैल 19, 2026

ईरान से एक बार फिर दुनिया को हिलाने वाली खबर सामने आई है।
ईरान ने रणनीतिक होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा बंद करने का ऐलान कर दिया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक आईआरजीसी ने साफ कहा है कि अमेरिका बार‑बार अपनी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन कर रहा है, इसलिए यह सख्त फैसला लिया गया है।
ईरान ने चेतावनी दी है कि होर्मुज के पास कोई भी जहाज न आए। इससे अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंचता दिख रहा है। 24 घंटे पहले जिस होर्मुज संकट के खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही थी, वही संकट अब और गहरा गया है।
इस बीच अमेरिका‑ईरान बातचीत के अगले दौर पर भी सस्पेंस बढ़ गया है। ईरान ने साफ किया है कि बातचीत की कोई तारीख तय नहीं है और किसी भी वार्ता से पहले आपसी सहमति का ढांचा जरूरी होगा। माना जा रहा था कि पाकिस्तान में इस्लामाबाद टॉक्स हो सकते हैं, लेकिन ईरान के बयान ने उन अटकलों पर ब्रेक लगा दिया है।
उधर डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अमेरिका किसी भी तरह का ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं करेगा। ट्रंप ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर ने भी सेना को पूरी तरह तैयार बताते हुए अमेरिका को हार का स्वाद चखाने का दावा किया है।
होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से तेल और गैस की कीमतों पर एक बार फिर संकट मंडरा रहा है। पूरी दुनिया की नजर अब इस बात पर है कि क्या अमेरिका सैन्य ताकत दिखाएगा या बातचीत का रास्ता चुनेगा।
इसी बीच कमला हैरिस ने डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोलते हुए कहा है कि ट्रंप ने अमेरिका को अपने सहयोगियों की नजर में अविश्वसनीय बना दिया है।
वहीं अमेरिका और ईरान के बीच विवाद अब सिर्फ होर्मुज तक सीमित नहीं रहा। ईरान के यूरेनियम भंडार को लेकर भी टकराव तेज हो गया है, जिस पर ईरान ने साफ कहा है कि वह किसी भी हालत में यूरेनियम अमेरिका को नहीं देगा।
पूरी रिपोर्ट देखिए और समझिए
– क्या होर्मुज स्ट्रेट सच में बंद है.
– अमेरिका और ईरान के बीच अगला कदम क्या होगा.
– तेल की कीमतों पर कितना असर पड़ेगा.
– और क्या बातचीत की कोई गुंजाइश अब भी बाकी है.