हिंद महासागर में चीन और पाकिस्तान की बढ़ती साझेदारी भारत के लिए चुनौती बनती जा रही है. चीन ने पाकिस्तान को आधुनिक पनडुब्बियों और युद्धपोतों से लैस कर उसकी नौसैनिक क्षमता बढ़ाने की कोशिश की है. यह गठजोड़ भारत के लिए सिर्फ सामरिक ही नहीं बल्कि आर्थिक सुरक्षा का भी सवाल है, क्योंकि भारत की ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक व्यापार का अधिकांश हिस्सा हिंद महासागर से होकर गुजरता है. इसी चुनौती का जवाब भारत ने आत्मनिर्भर नौसैनिक शक्ति के रूप में तैयार किया है. 26 अगस्त 2025 को भारतीय नौसेना के लिए ऐतिहासिक साबित होगा, जब दो नीलगिरी क्लास स्टेल्थ फ्रीगेट – INS उदयगिरी और INS हिमगिरी – एक ही दिन नौसेना में शामिल होंगे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशाखापत्तनम में इसे देश को सौपेंगे.