लॉन्ग वीकेंड के चलते लोगों ने पहाड़ों का रुख तो किया, लेकिन पहाड़ों की तस्वीर ही बदल गई. खूबसूरत पहाड़ों का दम निकलने लगा. मनाली से लेकर उत्तराखंड के मसूरी तक गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. दो दिनों में 4,000 से ज्यादा पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे और कई जगहों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए. ऐसे में पर्यटकों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा. हालांकि, सैलानियों की इस भारी भीड़ से होटल, होमस्टे, टैक्सी और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे जरूर खिले हुए नजर आए. लम्बे वीकेंड के चलते अभी भी मनाली की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना जाहिर की जा रही है. मसूरी में भी लोगों को जाम का सामना लोगों को करना पड़ा. जैसे ही लंबा वीकेंड आता है, दिल्ली एनसीआर के लोग पहाड़ों का रुख करने लगते हैं और उसके बाद उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सड़कों की स्थिति बिगड़ी हुई नजर आने लगती है.