भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 15 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. वर्तमान में देश के कई हिस्से मॉनसूनी आफत से जूझ रहे हैं. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और डोडा में बादल फटने तथा अचानक आई बाढ़ (Flash Flood) के कारण हाहाकार मचा हुआ है. डोडा में स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल से लौट रहे बच्चों को उफनते नाले से सुरक्षित निकाला. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण एक वैली ब्रिज ढह गया है, जिससे तीन सीमांत घाटियों का धारचूला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में लगातार हो रही बारिश से पुल-पुलिया बह जाने के कारण विकास कार्यों पर बड़े सवाल उठ रहे हैं.