अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बुधवार को कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर और इंटेलिजेंस को अलग-अलग प्राथमिकता के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इन्हें एक-दूसरे का पूरक माना जाना चाहिए. साथ ही कहा कि ये दोनों कारक मिलकर भारत की आर्थिक क्षमताओं को मजबूत करेंगे, रणनीतिक आत्मनिर्भरता बढ़ाएंगे और एक प्रमुख वैश्विक शक्ति बनने की भारत की महत्वाकांक्षा को समर्थन देंगे. अदाणी ग्रुप की 34वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) में शेयरहोल्डर्स को संबोधित करते हुए, अरबपति उद्योगपति ने इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकास की रीढ़ की हड्डी बताया. इसमें सड़कें, बंदरगाह, हवाई अड्डे, पावर प्लांट, ट्रांसमिशन नेटवर्क, रिन्यूएबल एनर्जी पार्क, गैस पाइपलाइन, लॉजिस्टिक्स हब, जल प्रणालियां और औद्योगिक इकोसिस्टम जैसी संपत्तियां शामिल हैं.