उत्तर प्रदेश विकास की रफ्तार में एक और लंबी छलांग लगाने जा रहा है. 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे अनोखे, हाईटेक और सुविधाओं से लैस गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने वाले हैं. मेरठ से प्रयागराज तक करीब 600 किमी लंबा यह 6 लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे दूरी और समय दोनों को आधा कर देगा. जहां पहले 10 से 12 घंटे लगते थे, अब वही सफर महज 5 से 6 घंटे में पूरा होगा.
गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ सड़क नहीं बल्कि एक स्मार्ट सिस्टम है. इसमें 9 वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी सेंटर बनाए गए हैं, जहां पेट्रोल‑डीजल, CNG, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग, फूड कोर्ट, कैफेटेरिया, डॉर्मिटरी स्टे, पार्किंग और देश में पहली बार एक्सप्रेसवे पर ट्रॉमा सेंटर की सुविधा मिलेगी. हर 500 मीटर और हर किलोमीटर पर हाई‑रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जिससे 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर भी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है.
शाहजहांपुर में बने 3.5 किमी लंबे रनवे पर आपात स्थिति में लड़ाकू विमान भी उतर सकेंगे. मेरठ, हापुड़, बदायूं, शाहजहांपुर, उन्नाव, प्रयागराज समेत 12 जिलों को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे उद्योग, रोजगार, पर्यटन और आस्था का नया कॉरिडोर बनेगा. गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश को विकास के एक्सप्रेसवे पर तेज़ी से आगे ले जाने वाला प्रोजेक्ट है.