मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को चित्रकूट में मंदाकिनी और सिंहावल नदियों के किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया. लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया था. इससे रामघाट और आसपास के इलाके जलमग्न हो गए, जबकि हनुमान धारा मार्ग पर स्थित पुराने पुल को भी नुकसान पहुंचा. स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गईं और जरूरत पड़ने पर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई. प्रशासन ने छह राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां प्रभावित लोगों के लिए भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है.