दिल्ली में कॉकरोच दहन को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है. आम आदमी पार्टी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और सनातन परंपराओं में बदलाव कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है. हर साल विजयदशमी पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के तौर पर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले जलाए जाते हैं. इस बार दिल्ली के पीतमपुरा स्थित श्री केशव रामलीला समिति में एक चौथा पुतला भी जलाया गया - कॉकरोच का. दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने रावण, मेघनाद, कुंभकरण के साथ कॉकरोच का पुतला फूंका. बताया जा रहा है कि दशहरे की ट्रेडिशन में पहली बार कॉकरोच की एफिजी जलाई गई है. इस पर नया सियासी मोड़ तब आया जब AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर दी. अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि पारंपरिक पुतलों के साथ अतिरिक्त पुतला शामिल कर स्थापित सनातन परंपरा में जानबूझकर बदलाव किया गया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है. इसे लेकर सियासी ड्रामा तेज हो गया है.