तेज रफ्तार और अवैध पार्किंग ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के खामगांव शहर में तिलक पुतला इलाके में एक बेकाबू कार ने ऑटो और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य सड़क पर दुकानों के सामने लगातार हो रही अवैध पार्किंग के कारण रास्ता काफी संकरा हो चुका है. इसी दौरान तेज गति से आ रही कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सामने से आ रहे ऑटो से भिड़ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पास खड़ी एक दोपहिया वाहन भी ऑटो के नीचे दब गई.
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कार, ऑटो और बाइक को भारी नुकसान पहुंचा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग और बेलगाम रफ्तार पर प्रशासन की कोई सख्ती नहीं है, जिसके चलते आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. वहीं यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब अवैध पार्किंग और लापरवाह ड्राइविंग पर कड़ा नियंत्रण लगाया जाएगा.