दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और दुनिया की नजरें अब भारत पर टिकी हैं. 12 और 13 सितंबर को भारत की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 11 सितंबर को भारत पहुंच सकते हैं. इसके अलावा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भी दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है. ब्रिक्स का यह सम्मेलन भारत के लिए कूटनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है. वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, ऊर्जा, विकास, सुरक्षा और बदलती विश्व व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर यहां व्यापक चर्चा होने की संभावना है. ऐसे समय में जब दुनिया नई आर्थिक और भू-राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रही है, भारत इस मंच के जरिए वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देने की कोशिश करेगा.