बिहार में इंटरमीडिएट की परीक्षा के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने न केवल सिस्टम पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि देखने वालों की आंखें भी नम कर दी हैं. नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित किसान कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर एक छात्रा का भविष्य महज 2 मिनट की देरी की भेंट चढ़ गया.
पत्थर दिल बना सिस्टम: लाख मिन्नतों के बाद भी नहीं खुला गेट
घटना सोहसराय स्थित किसान कॉलेज की है. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक छात्रा परीक्षा केंद्र के गेट पर खड़ी होकर फूट-फूट कर रो रही है. उसकी सिसकियां और बंद गेट को देखकर वहां मौजूद हर शख्स का दिल पसीज गया. छात्रा और उसके अभिभावकों ने अंदर जाने के लिए प्रशासन से हाथ जोड़े, मिन्नतें कीं, लेकिन नियमों की बेड़ियों ने छात्रा के एक साल के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया.