Mojtaba Khamenei: ईरान के लिए बुरी खबर! सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल

  • 7:37
  • प्रकाशित: अप्रैल 11, 2026

रॉयटर्स के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा ख़ामेनेई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक यह चोटें उन्हें यूएस‑इज़रायल एयर स्ट्राइक्स के दौरान आई थीं.


चेहरे और दोनों पैरों में गंभीर चोट
रॉयटर्स को मुजतबा ख़ामेनेई के करीबी सूत्रों ने बताया है कि एक भीषण एयर स्ट्राइक के दौरान उन्हें चेहरे और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. यह हमला तेहरान के सेंट्रल इलाके में स्थित एक सुरक्षित कंपाउंड पर हुआ था. सूत्रों के अनुसार, हमले के बाद उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और फिलहाल उनका इलाज ईरान के क़ोम शहर में चल रहा है. चिकित्सकीय निगरानी में उनकी हालत को अब भी गंभीर बताया जा रहा है.
पहले भी हुए थे घायल
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जंग के शुरुआती चरण में भी मुजतबा ख़ामेनेई घायल हुए थे. उसी एयर स्ट्राइक सीरीज़ के दौरान उनके पिता आयातुल्ला अली ख़ामेनेई की मौत हुई थी. इसके बाद ईरान के सिस्टम के तहत मुजतबा ख़ामेनेई को नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया था.
बयानों को लेकर सवाल
बीते हफ्तों में ईरान की ओर से कई सख्त बयान सामने आए थे, जिनमें दुश्मनों से बदला लेने और युद्ध न शुरू करने जैसी बातें शामिल थीं. ये बयान कथित तौर पर मुजतबा ख़ामेनेई के हवाले से जारी किए गए थे.
हालांकि अब रॉयटर्स की इस रिपोर्ट के बाद यह सवाल उठ रहा है कि गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में ये बयान किस हद तक सीधे उनके द्वारा दिए गए थे या ईरानी सिस्टम के भीतर से रणनीतिक रूप से जारी किए गए.


ईरान का सिस्टम अब भी आक्रामक
मुजतबा ख़ामेनेई और कई शीर्ष कमांडरों के मारे जाने या घायल होने के बावजूद, ईरान का सैन्य और सुरक्षा ढांचा अब भी पहले से ज्यादा आक्रामक नजर आ रहा है. आईआरजीसी और अन्य सैन्य यूनिट्स लगातार इज़राइल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रही हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस पूरे मामले पर ईरान की ओर से आधिकारिक बयान सामने आ सकता है. फिलहाल रॉयटर्स की रिपोर्ट ने पश्चिम एशिया में मौजूदा तनाव को और गहरा कर दिया है.

संबंधित वीडियो