बिरयानी में चिकन लेग पीस नहीं मिला तो महाभारत में तब्दील हुई शादी, जमकर काटा बवाल

  • 0:37
  • प्रकाशित: मार्च 30, 2026

अमरोहा: एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब बारातियों को बिरयानी में लेग पीस नहीं मिला. मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें होटल में जमकर कुर्सियां चलीं और तोड़फोड़ की गई. मामला जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र का है.

यह घटना हसनपुर थाना क्षेत्र के एक निजी बैंकट हॉल की बताई जा रही है, जहां शादी समारोह का आयोजन किया गया था. खाना परोसे जाने के दौरान कुछ बारातियों ने बिरयानी में लेग पीस न मिलने पर नाराजगी जताई. इसी बात को लेकर पहले बहस हुई और फिर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई.

कई घंटे तक चला हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि बैंकट हॉल में कुर्सियां फेंकी गईं और जमकर तोड़फोड़ हुई. हंगामा कई घंटों तक चलता रहा, जिससे शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और खुशियों के बीच मातम छा गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया.

वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश
पुलिस का कहना है कि घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनके आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बैंकट हॉल में हुई तोड़फोड़ के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.