The Scam- Leaked: NEET पेपर लीक विवाद के बीच ZEE5 का बड़ा दांव, टीजर का आखिरी 10 सेकंड देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे

NEET-UG पेपर लीक विवाद के बीच ZEE5 ने अपनी नई सीरीज The Scam: Leaked का पहला टीजर जारी किया है, जिसमें परीक्षा, पेपर लीक और एक छात्र की दर्दनाक कहानी की झलक दिखाई गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
The Scam- Leaked का रिलीज हुआ टीजर

NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर पूरे देश में बहस और विरोध प्रदर्शन जारी है. इसी बीच ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 ने अपनी नई वेब सीरीज ‘The Scam: Leaked' का पहला टीजर रिलीज कर दिया है. करीब एक मिनट लंबे इस टीजर ने रिलीज होते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. इसमें मेडिकल एंट्रेंस परीक्षा के पेपर छापने से लेकर उसके लीक होने और उसके बाद मचे हंगामे की झलक दिखाई गई है. टीजर का सबसे भावुक पल आखिर में आता है, जब एक छात्र की आत्महत्या की ओर इशारा किया जाता है. हालांकि, मेकर्स ने किसी वास्तविक घटना का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया है.

टीजर में दिखी पेपर लीक की पूरी कहानी

टीजर की शुरुआत एक हाई-सिक्योरिटी प्रिंटिंग प्रेस से होती है, जहां मेडिकल एंट्रेंस परीक्षा के क्वेश्चन पेपर छापे जा रहे हैं. इसके बाद पेपर को सीलबंद लिफाफों और बॉक्स में रखा जाता है. इसी दौरान एक शख्स चुपके से क्वेश्चन पेपर की कॉपी दूसरे व्यक्ति तक पहुंचा देता है. वह तुरंत उसकी तस्वीर खींचकर ऑनलाइन भेज देता है. इसके बाद टीवी न्यूज चैनलों पर पेपर लीक की ब्रेकिंग न्यूज चलने लगती है और सीबीआई जांच का जिक्र भी सामने आता है. इससे साफ संकेत मिलता है कि कहानी परीक्षा घोटाले के इर्द-गिर्द घूमती है.

आखिरी सीन ने बढ़ाई दर्शकों की एक्साइटमेंट

टीजर के अंत में एक खाली क्लासरूम दिखाई देता है. तभी एक मोबाइल फोन बजता है, जिस पर “पापा कालिंग” लिखा नजर आता है. कैमरा धीरे-धीरे ऊपर उठता है और शीशे में एक ऐसे छात्र की परछाई दिखाई देती है, जिसनेआत्महत्या कर ली है. यही दृश्य टीजर को बेहद भावुक और रहस्यमयी बना देता है. ZEE5 ने टीजर शेयर करते हुए लिखा, “एक पेपर. लाखों सपने. एक लीक. देश हैरान.” 

NEET विवाद के बीच आया टीजर

हालांकि सीरीज के निर्माताओं ने यह नहीं कहा है कि इसकी कहानी किसी खास घटना पर आधारित है, लेकिन टीजर को देखकर इसे NEET-UG पेपर लीक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. इस विवाद को लेकर देशभर में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. हाल ही में संसद के मानसून सत्र के दौरान ‘चलो संसद' मार्च भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं. ऐसे माहौल में The Scam: Leaked का टीजर चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल ZEE5 ने सीरीज की रिलीज डेट और पूरी स्टारकास्ट की घोषणा नहीं की है, लेकिन पहला टीजर दर्शकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा गया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ‘असली स्टार तो यही हैं, हम कुछ नहीं…' डॉग्स की एंट्री पर पंकज त्रिपाठी ने ली बॉलीवुड स्टारडम की चुटकी

Featured Video Of The Day
सरकार के सामने राहुल गांधी ने रखी ये 3 मांगें!
Topics mentioned in this article
Web Series
NEET UG Paper Leak
Television
OTT
ZEE5