पुराने हिंदी फिल्मी गानों की सबसे बड़ी खासियत यही है कि वक्त बदल जाता है, लेकिन उनकी मिठास कम नहीं होती. कुछ गीत ऐसे होते हैं जो सिर्फ एक फिल्म तक सीमित नहीं रहते. बल्कि पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों की यादों का हिस्सा बन जाते हैं. रेडियो से लेकर म्यूजिक ऐप्स और सोशल मीडिया तक, ये गाने हर दौर में सुने जाते हैं. इनमें प्यार की सादगी, खूबसूरत बोल और ऐसा संगीत होता है जिसे बार-बार सुनने का मन करता है. करीब 50 साल बाद भी एक ऐसा ही रोमांटिक गीत लोगों के दिलों में उसी तरह बसा हुआ है. खास बात ये है कि नए दौर में वो श्रेया घोषाल की आवाज केसाथ सीरियल का हिस्सा बना. और, तब भी उतना ही पॉपुलर हुआ.
आरडी बर्मन का क्लासिक
हम बात कर रहे हैं 'बड़े अच्छे लगते हैं' गाने की, जो 1976 में रिलीज हुई फिल्म 'बालिका वधू' का हिस्सा था. इस सदाबहार गीत को अमित कुमार ने अपनी खूबसूरत आवाज में गाया था. इसके बोल मशहूर गीतकार आनंद बख्शी ने लिखे थे, जबकि संगीत के जादूगर आरडी बर्मन ने इसे कंपोज किया था. करीब 9 मिनट 1 सेकेंड लंबा ये गीत अपने दौर के सबसे यादगार रोमांटिक गानों में गिना जाता है.
ये भी पढ़ें- महाभारत के श्री कृष्ण का फेवरेट है दूरदर्शन का ये किरदार, नीतीश भारद्वाज ने सुनाया 90s का पुराना किस्सा
इस गाने की पॉपुलेरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाद में इसे Sony TV के पॉपुलर सीरियल 'बड़े अच्छे लगते हैं' का टाइटल ट्रैक बनाया गया. इस नए वर्जन को श्रेया घोषाल और त्रिजय डे ने अपनी मधुर आवाज दी. पुराने गीत की सोल को बरकरार रखते हुए इसे नए अंदाज में पेश किया गया, जिसे टीवी दर्शकों ने भी खूब पसंद किया. सीरियल की कामयाबी के साथ ये गाना एक बार फिर हर घर में गूंजने लगा.
50 साल बाद भी नहीं घटा जादू
'बड़े अच्छे लगते हैं' सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि कई लोगों की यादों का हिस्सा बन चुका है. इसकी सादगी, रोमांटिक एहसास और मधुर धुन आज भी लोगों को सुकून देती है. यही वजह है कि ये गीत शादी-ब्याह और लाइव म्यूजिक शो में अक्सर सुनाई देता है. उस दौर में ये गाना रेडियो पर खूब बजा और 1977 की बिनाका गीतमाला में 26वें स्थान पर भी पहुंचा था. आज डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी इसे लाखों बार सुना जा चुका है. सोशल मीडिया पर इसके कई कवर वर्जन वायरल होते रहते हैं और नई पीढ़ी भी इसे उतने ही प्यार से सुनती है.