रामानंद सागर की चर्चित ‘रामायण' में लक्ष्मण की भूमिका निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी इन दिनों आने वाले समय को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं. 65 वर्षीय अभिनेता ने सोमवार रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अल नीनो और बदलते मौसम के संभावित प्रभावों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी. सुनील ने अपने पोस्ट में लोगों से किसी भी संभावित संकट का सामना करने के लिए अभी से तैयार रहने और एकजुट होकर परिस्थितियों से निपटने की अपील की.
अल नीनो को लेकर क्या बोले सुनील लहरी?
करीब 2 मिनट 20 सेकेंड के इस वीडियो में सुनील लहरी ने अल नीनो के कारण मौसम में होने वाले बदलावों और उसके असर पर अपनी चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तेज गर्मी और पानी की कमी जैसी परिस्थितियां मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. इसका सीधा असर खेती और फसलों पर भी पड़ने की आशंका है. उन्होंने यह भी कहा कि खाद, तेल और ईंधन जैसी जरूरी चीजों के लिए भारत की दूसरे देशों पर निर्भरता है, ऐसे में किसी बड़े संकट की स्थिति में सिर्फ पैसा होने से समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता.
अभिनेता ने लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी. उनका कहना है कि किसी आपदा के आने के बाद तैयारी करने से बेहतर है कि उसके खतरे को देखते हुए पहले से इंतजाम कर लिए जाएं. उन्होंने अपने संदेश में इसी बात को समझाने के लिए कुआं और आग का उदाहरण भी दिया.
सूखे और बारिश की कमी के बीच आया वीडियो
सुनील लहरी की यह चिंता ऐसे वक्त सामने आई है, जब देश के कई हिस्सों में मौसम और पानी को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं. महाराष्ट्र और कर्नाटक में सूखे जैसी परिस्थितियों का जिक्र सामने आया है, जबकि कम बारिश का असर कई इलाकों में खेती पर भी पड़ा है. सुनील ने अपने वीडियो के जरिए लोगों को जरूरी संसाधनों की अहमियत समझाने की कोशिश की है.
लक्ष्मण के किरदार से मिली थी जबरदस्त लोकप्रियता
सुनील लहरी को सबसे ज्यादा लोकप्रियता 1987 में प्रसारित हुई रामानंद सागर की ‘रामायण' से मिली. इसमें उन्होंने लक्ष्मण का किरदार निभाया था. इसके बाद वह ‘परम वीर चक्र', ‘लव कुश' और ‘सपनों की दुनिया' जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहे. फिल्मों में भी उन्होंने ‘बहारों की मंजिल', ‘आजा मेरी जान', ‘जनम कुंडली' और ‘ए डॉटर्स टेल: पंख' में काम किया. 2017 के बाद से वह एक्टिंग की दुनिया में कम ही नजर आए हैं. हालांकि, कोरोना काल में ‘रामायण' के दोबारा प्रसारण के बाद वह कुछ टीवी शोज में बतौर मेहमान दिखाई दिए थे.