टेलीविजन के जाने-माने एक्टर रोहित चंदेल को मुंबई पुलिस ने एक 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसे प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. 29 वर्षीय अभिनेता रोहित चंदेल को मुंबई की पंत नगर पुलिस ने शुक्रवार को उनके दहिसर स्थित आवास से हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें विशेष पॉक्सो (POCSO) अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि एक्टर रोहित चंदेल पांड्या स्टोर और काशीबाई बाजीराव बल्लाल जैसे शोज में नजर आ चुके हैं.
नाबालिग लड़की का पीछा करने का लगा आरोप
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी अभिनेता पिछले कुछ समय से पीड़ित नाबालिग लड़की को अलग-अलग फोन नंबरों से लगातार कॉल करके परेशान कर रहा था और दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीते 5 जुलाई को रोहित चंदेल ने पीड़िता की सोसाइटी के पास उसका पीछा किया, उसे जबरन रोका, गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई करते हुए मारपीट भी की.
मुंबई पुलिस ने इस गंभीर मामले में आरोपी अभिनेता रोहित चंदेल के खिलाफ कड़े पॉक्सो एक्ट (किशोरी सुरक्षा कानून) के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
कौन हैं रोहित चंदेल
पांड्या स्टोर और काशीबाई बाजीराव बल्लाल जैसे शोज में नजर आ चुके रोहित चंदेल टीवी की दुनिया में चर्चित नाम हैं. 30 साल के रोहित चंदेल ने काशीबाई बाजीराव बल्लाल में बाजीराव का लीड रोल निभाया था. जबकि पांड्या स्टोर में वह लंबे समय तक धवल मकवाना का किरदार निभाते दिखे थे. वहीं इन दिनों सैराब सीरियल में वह लीड रोल में ईशान गांगुली के रोल में नजर आ रहे हैं.