टीवी से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बनाने वाली मौनी रॉय इन दिनों अपनी पर्सनल जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. उन्होंने हाल ही में अपने पति सूरज नांबियार से तलाक लेने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया था. इसके बाद से फैंस के बीच उनकी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई तरह की अटकलों का सिलसिला शुरू हो गया था. इसी बीच एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में दिल टूटने, माफ करने और जिंदगी में आगे बढ़ने को लेकर खुलकर बात की है. मौनी के ताजा बयान ने एक बार फिर फैंस का ध्यान उनकी पर्सनल लाइफ की ओर खींच लिया है.
'पहले माफ कर देती थी, लेकिन भूल नहीं पाती थी'
फ्री प्रेस जर्नल को दिए एक इंटरव्यू में मौनी रॉय ने कहा कि जब वो कम उम्र की थीं, तब लोगों को आसानी से माफ कर देती थीं, लेकिन उनकी तरफ से दिए गए दर्द को भूल नहीं पाती थीं. एक्ट्रेस ने कहा कि समय के साथ उनके सोचने का नजरिया बदला है. आध्यात्मिक यात्रा और जीवन के अनुभवों ने उन्हें यह सिखाया कि आगे बढ़ने के लिए माफ करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर इंसान पुरानी बातों को पकड़े रखता है, तो सबसे ज्यादा तकलीफ उसे खुद होती है.
यह भी पढ़ें- Juhi Chawla 7 Evergreen Songs: जूही चावला के 7 पॉपुलर गाने, आज भी हैं लोगों के फेवरेट, याद दिलाएंगे आपको पहला प्यार
दिल टूटने पर क्या बोलीं मौनी?
मौनी ने कहा कि कई बार हमें चोट पहुंचाने वाला व्यक्ति उस दर्द के बारे में सोच भी नहीं रहा होता, लेकिन हम उसी बात को मन में लेकर खुद को परेशान करते रहते हैं. उन्होंने कहा कि जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए पुराने गिले-शिकवे छोड़ना जरूरी है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि माफ करने का मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति आपकी दयालुता (Mercy) का हकदार है. एक्ट्रेस ने कहा कि दुनिया में कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो जानबूझकर दूसरों को नुकसान पहुंचाते हैं. हालांकि, उन्होंने किसी खास व्यक्ति का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि वह किसी इंसान को बुरा नहीं कह रही हैं, बल्कि उसकी खराब आदतों और व्यवहार को गलत मानती हैं. उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
ध्यान और अध्यात्म ने बदली सोच
मौनी रॉय ने बताया कि ध्यान, मंत्र जाप और आध्यात्मिक अभ्यासों ने उन्हें मुश्किल समय से बाहर निकलने में काफी मदद की. उनका मानना है कि मानसिक शांति पाने और खुद को मजबूत बनाने के लिए अध्यात्म एक बेहतर रास्ता हो सकता है.
हाल ही में की थी तलाक की घोषणा
हाल ही में मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. लेकिन सोशल मीडिया पर जारी अटकलों का जवाब देते हुए दोनों ने एक ही बयान शेयर करते हुए कहा कि कुछ लोग उनकी पर्सनल जिंदगी में कुछ ज्यादा ही दिलचस्पी दिखा रहे हैं. उन्होंने अलग होने का फैसला किया है और मामलों को निजी तौर पर और शांति से सुलझाने के लिए जरूरी समय ले रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि मनगढ़ंत कहानियों और सरासर झूठ फैलाकर उनकी पर्सनल जिंदगी को सनसनीखेज बनाने की कोशिशें की गई हैं, जो उनके रिश्ते की सच्चाई को नहीं दर्शाती हैं.
फैंस की नजरें अब मौनी के अगले कदम पर
मौनी रॉय के इस भावुक बयान के बाद फैंस उनके जीवन के इस नए अध्याय को लेकर उत्सुक हैं. फिलहाल एक्ट्रेस अपने काम फोकस करती नजर आ रही हैं, जबकि उनके फैंस उन्हें हर परिस्थिति में मजबूत बने रहने की हिम्मत दे रहे हैं.