दूरदर्शन का वो सीरियल, जिसकी 13 एपिसोड में खत्म हो गई थी कहानी, दिखे थे करण जौहर-उर्मिला मातोंडकर, IMDb रेटिंग 8.1

doordarshan serial indradhanush: उस दौर में भारतीय टीवी पर पौराणिक या पारिवारिक कहानियां ज्यादा बनती थीं, लेकिन इंद्रधनुष एक साइंस-फिक्शन एडवेंचर शो था. यही वजह थी कि यह बच्चों और युवाओं के बीच जल्दी लोकप्रिय हो गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
doordarshan serial : 1989 में दूरदर्शन पर आता था इन्द्रधनुष सीरियल

आज के दौर में टीवी सीरियल सालों तक चलते रहते हैं और कई बार सैकड़ों एपिसोड पार कर जाते हैं. लेकिन 80 के दशक में एक ऐसा शो भी आया था जिसकी पूरी कहानी सिर्फ 13 एपिसोड में खत्म हो गई. इसके बावजूद यह सीरियल इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी पुराने दर्शक इसे याद करते हैं. इस शो का नाम था इंद्रधनुष. IMDb पर इसे आज भी इसे 8.1 की रेटिंग मिली हुई है. 1989 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ यह सीरियल अपने समय से काफी अलग या आगे माना जाता है. उस दौर में भारतीय टीवी पर पौराणिक या पारिवारिक कहानियां ज्यादा बनती थीं, लेकिन इंद्रधनुष एक साइंस-फिक्शन एडवेंचर शो था. यही वजह थी कि यह बच्चों और युवाओं के बीच जल्दी लोकप्रिय हो गया.

ये थी कहानी

सीरियल की कहानी एक लड़के किशोर और उसके दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है. वे मिलकर एक खास कंप्यूटर सिस्टम तैयार करते हैं. इसी दौरान उनकी मुलाकात एंड्रोमेडा गैलेक्सी से आए एक रहस्यमयी एलियन प्रिंस से होती है. इसके बाद कहानी में टाइम ट्रैवल, रहस्य और रोमांच की कई परतें जुड़ती चली जाती हैं. हर एपिसोड में बच्चों को नई चुनौतियों और अजीब परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जिससे कहानी और दिलचस्प बनती जाती है.

करण जौहर का एक्टिंग डेब्यू

इस शो से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसे मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर का पहला ऑन-स्क्रीन अभिनय माना जाता है. करण जौहर उस समय बच्चे थे और उन्होंने इस सीरियल में एक छोटा किरदार निभाया था. बाद में उन्होंने खुद भी कई इंटरव्यू में बताया कि कैमरे के सामने उनका शुरुआती अनुभव इसी शो के जरिए हुआ था. आगे चलकर करण जौहर बॉलीवुड के सबसे चर्चित निर्देशक और प्रोड्यूसर बने.

ये दिग्गज एक्टर्स आए थे नजर

इंद्रधनुष की स्टारकास्ट भी काफी मजबूत थी. इस सीरियल में दिग्गज अभिनेता गिरीश कर्नाड नजर आए थे, जिनकी गिनती भारतीय सिनेमा और थिएटर के बड़े नामों में होती है. वहीं युवा कलाकार अक्षय आनंद ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई थी. आगे चलकर अक्षय आनंद टीवी इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना चेहरा बने और कई लोकप्रिय धारावाहिकों में नजर आए. इसके साथ ही एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर को भी इस टीवी सीरियल में देखा गया था. 

Advertisement

इस शो का निर्देशन आनंद महेंद्रू ने किया था. सीमित तकनीक और संसाधनों के बावजूद उन्होंने एक ऐसा साइंस-फिक्शन माहौल तैयार किया जो उस समय के भारतीय टीवी के लिए काफी नया था. यही कारण है कि कई लोग इंद्रधनुष को भारतीय टेलीविजन के शुरुआती साइंस-फिक्शन प्रयोगों में भी गिनते हैं. भले ही यह सीरियल सिर्फ 13 एपिसोड तक चला, लेकिन इसकी कहानी और अलग कॉन्सेप्ट ने इसे खास बना दिया. आज भी 80 और 90 के दशक के दर्शकों के बीच इंद्रधनुष को एक यादगार और कल्ट टीवी शो के रूप में याद किया जाता है.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Yogi को 'भीतरी लोगों से डर',Ramdev ने साफ जवाब दे दिया |Chakravyuh | Sucherita Kukreti