साइना नेहवाल अब आधिकारिक तौर पर वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी बन गई हैं। पिछले हफ़्ते इंडिया ओपन सुपर सीरीज़ में चैम्पियन बनने वाली साइना पहले ही इस टॉप पोज़िशन की हक़दार हो गईं थीं, लेकिन बैडमिंटन वर्ल्ड फ़ेडेरेशन्स की वर्ल्ड रैंकिंग में पहली बार किसी भारतीय महिला खिलाड़ी का नाम सबसे ऊपर चमक रहा है।
पुरुष सिंगल्स रैंकिंग में आंध्र प्रदेश के के श्रीकांत की रैंकिंग सबसे ऊपर चौथे नंबर पर है जबकि टॉप टेन सिंगल्स रैंकिंग में आंध्र प्रदेश की पीवी सिंधु ने भी जगह बनाई है। पीवी सिंधु वर्ल्ड रैंकिंग में नौवें नंबर पर हैं। के श्रीकांत और पीवी सिंधु को हालांकि उनकी रैंकिंग में इस हफ़्ते कोई बढ़ोतरी नहीं मिली है। पुरुष सिंगल्स में केरल के एचएस प्रणॉय तीन पायदान ऊपर चढ़कर चौदहवें नंबर पर आए हैं जबकि पी कश्यप चार पायदान ख़िसककर 17वें नंबर पर पहुंचे हैं।
साइना नेहवाल के 78541 अंक हो गए हैं जबकि दूसरे नंबर पर वर्ल्ड चैंपियन स्पेन की कैरोलाइन मारिन के 73618 अंक हैं। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 चीन की ली ज़ुएरेई 71414 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर ख़िसक गई हैं। साइना को अगर वर्ल्ड नंबर वन लंबे समय तक बने रहना है तो उन्हें सुपर सीरीज़ टूर्नामेंट में अपनी जीत के सिलसिले को बरक़रार रखना होगा।
मलेशिया ओपन मारिया फ़ेबे कुसुमास्तुति को हराकर जीत के साथ शुरुआत तो की है, लेकिन इस टूर्नामेंट में ख़िताब जीतने के लिए उन्हें चीन की कई खिलाड़ियों को हराने की ज़रूरत पड़ सकती है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं