न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए ग्रुप 'ए' मुकाबले में जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद:
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए ग्रुप 'ए' मुकाबले में जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हरा दिया। जिम्बाब्वे द्वारा रखे गए 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 33.3 ओवरों में 166 रन बनाकर मैच जीत लिया। न्यूजीलैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल ने 108 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 86 रन बनाए जबकि ब्रेंडन मैक्लम ने 95 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 76 रनों की पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए नाबाद 166 रन जोड़े। इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की पूरी टीम 46.2 ओवरों में 162 रनों पर पेवेलियन लौट गई। जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके सलामी बल्लेबाज चार्ल्स कोवेन्ट्री बिना खाता खोले एक रन के कुल योग पर पेवेलियन लौट गए। अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज तातेंदा ताएबू ने आठ रन बनाए। ताएबू को तेज गेंदबाज टिम साउदी ने पगबाधा आउट किया। क्रेग इर्विन 11 रन बनाकर काएल मिल्स की गेंद पर जेसी राइडर को कैच थमा बैठे। कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा एक रन के निजी योग पर डेनियल विटोरी की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। उसके बाद रेगिस चकाब्वा बिना खाता खोले विटोरी की गेंद पर रॉस टेलर को कैच थमाकर चलते बने। ब्रेंडन टेलर ने विकेट पर जमने की कोशिश की लेकिन वह भी 57 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 44 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। ग्रेग लैम्ब 34 गेंदों पर एक चौके की मदद से 18 रन बनाकर रनआउट हुए। लैम्ब का विकेट 89 रन के योग पर गिरा। टेलर और लैम्ब ने छठें विकेट के लिए 40 रन जोड़े। निचले क्रम में ग्रीम क्रेमर ने 43 गेंदों पर एक चौके की मदद से 22 रन बनाए जबकि रे प्राइस ने 11 रनों का योगदान दिया। प्रॉस्पर उत्सेया ने 65 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 36 रन बनाए। उत्सेया ने पहले क्रेमर के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 33 रन जोड़े उसके बाद उन्होंने प्राइस के साथ मिलकर नौंवे विकेट के लिए 35 रनों की साझेदारी की। तिनाशे पंयान्गरा चार रन पर नाबाद लौटे। न्यूजीलैंड की ओर से साउदी ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए जबकि मिल्स और विटोरी ने दो-दो विकेट झटके वहीं स्टायरिस के खाते में एक विकेट गया। दोनों टीमें अपना तीसरा मुकाबला खेल रही हैं। न्यूजीलैंड ने अपने पहले मुकाबले में केन्या को 10 विकेट से हराया था वहीं दूसरे मुकाबले में उसे आस्ट्रेलिया के हाथों सात विकेट से मात खानी पड़ी थी। जिम्बाब्वे को पहले मुकाबले में आस्ट्रेलिया के हाथों 91 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी वहीं दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने कनाडा को 175 रनों से हराया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
जिम्बाब्वे, टीम, खराब शुरुआत