विज्ञापन
This Article is From Mar 20, 2011

भारत ने जमाया रंग, अब मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से

युवराज सिंह के बल्ले से रनों की बौछार और जहीर खान की गेंदों पर चढ़े सुरूर से भारत ने होली की रंगीनियत में जीत का रंग घोला।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई: युवराज सिंह के बल्ले से रनों की बौछार और जहीर खान की गेंदों पर चढ़े सुरूर से भारत ने होली की रंगीनियत में जीत का रंग घोला और वेस्टइंडीज को 80 रन से धूल चटाकर विश्व कप के ग्रुप बी में दूसरे नंबर पर रहते हुए क्वार्टरफाइनल में कदम रखा। युवराज ने 113 रन की लाजवाब पारी खेली और इस बीच विराट कोहली (59) के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की लेकिन लगातार दूसरे मैच में भारतीय विकेटों का पतझड़ देखने को मिला जिससे एक समय 300 रन तक पहुंचने की स्थिति में दिख रही टीम 49.1 ओवर में 268 रन पर आउट हो गई। डेवोन स्मिथ की 81 रन की पारी से वेस्टइंडीज का स्कोर एक समय दो विकेट पर 154 रन था लेकिन इसके बाद 34 रन के अंदर आठ विकेट गंवाने से उसकी टीम 43 ओवर में 188 रन पर ढेर हो गई। युवराज ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 18 रन देकर दो विकेट लिए जबकि जहीर ने 26 रन देकर तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।इससे पहले, टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम 49.1 ओवर में 268 रन पर ढेर हो गई। इसमें युवराज सिंह का शानदार शतक शामिल है। विश्व कप में अपना पहला और एकदिवसीय मैचों का 13वां शतक लगाने वाले युवराज 113 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके अलावा विराट कोहली ने 59 रनों की कीमती पारी खेली। सलामी बल्लेबाजों के सस्ते में आउट होने के बाद युवराज और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़कर टीम को मजबूती प्रदान की। गौतम गम्भीर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 22-22 रनों का योगदान दिया। सचिन तेंदुलकर दो रन बना सके जबकि इस विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रहे सुरेश रैना मात्र चार रन बना सके। रैना और तेंदुलकर के अलावा यूसुफ पठान (11), हरभजन सिंह (3), जहीर खान (5) और मुनाफ पटेल (1) ने भी निराश किया। रविचंद्रन अश्विन 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने युवराज का विकेट 240 रनों पर खोया था। इसके बाद 28 रनों के अंतर पर उसके पांच बल्लेबाज पवेलियन लौटे। वेस्टइंडीज की ओर से रवि रामपाल ने पांच विकेट झटके। आंद्रे रसेल ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा डेरेन सैमी, देवेंद्र बीशू और केरन पोलार्ड को एक-एक सफलता मिली। भारत इस तरह से ग्रुप बी में नौ अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा और उसे क्वार्टरफाइनल में 24 मार्च को पिछले चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना होगा। वेस्टइंडीज के भी बांग्लादेश के बराबर छह अंक रहे लेकिन बेहतर रन रेट के आधार पर वह क्वार्टरफाइनल में पहुंचने में सफल रहा। वह अंतिम आठ के मुकाबले में मीरपुर में पाकिस्तान से भिड़ेगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विश्व, कप, पवेलियन, सचिन
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com