विज्ञापन
This Article is From Jul 13, 2015

विम्बलडन : पेस ने एनडीटीवी से कहा - यह ट्रॉफी भारत के लिए है

विम्बलडन : पेस ने एनडीटीवी से कहा - यह ट्रॉफी भारत के लिए है
लिएंडर पेस ने मार्टिना हिंगिस के साथ विम्बलडन मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीतने के बाद कहा कि यह ट्रॉफी भारत के लिए है। अपने 16वें ग्रैंड स्लैम की जीत से पेस बेहद उत्साहित हैं।

दिग्गज भारतीय टेनिस स्टार पेस ने स्विटजरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ एलेक्जेंडर पेया और टिमिया बाबोस की जोड़ी को हराकर यह खिताब अपने नाम किया। पेस-हिंगिस की सातवीं वरीयता प्राप्त भारतीय-स्विस जोड़ी ने ऑस्ट्रिया-हंगरी की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-1 6-1 से हराया। यह मुकाबला केवल 40 मिनट चला।

यह पेस का कुल आठवां और मार्टिना हिंगिस के साथ दूसरा मिश्रित युगल खिताब है। दोनों ने इस साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब भी जीता था। 42 साल के पेस मेन्स डबल्स के आठ ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं। जीत के बाद बेहद खुश पेस ने एनडीटीवी से कहा, यह ट्रॉफी भारत के लिए है। मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व करने को बेहद गंभीरता से लेता हूं।

पेस ने 1990 में ऑल इंग्लैंड क्लब में सबसे पहले सुर्खियां बटोरी थीं, जब उन्होंने जूनियर खिताब जीता था। उन्होंने कहा, 1990 में जूनियर खिताब जीतना वाकई काफी खास था। पेस ने कहा कि वह आगे और सफतलाएं हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि आपको किसी भी चीज के लिए सर्वश्रेष्ठ नहीं होना होता है, लेकिन अगर आप वाकई कड़ी मेहनत करते हैं, तो यह ट्रॉफी जीत सकते हैं।

पेस के लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती, क्योंकि वह 42 साल की उम्र में भी कामयाबी हासिल कर रहे हैं। उन्होंने एनडीटीवी से एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा, जीतना और उम्र का बढ़ते जाना एक साथ चलता है। उन्होंने कहा कि सीखना उनके लिए एक सतत प्रक्रिया है और उनकी बेटी उनके लिए सबसे बड़ी शिक्षक है।

हिंगिस ने इससे पहले सानिया मिर्जा के साथ शनिवार को वूमेन्स डबल्स का खिताब जीता था। पेस ने हिंगिस के बारे में कहा, मैं मार्टिना के साथ कोर्ट पर निश्चित रूप से खास महसूस करता हूं। सानिया मिर्जा के साथ वूमेन्स डबल्स मुकाबला निश्चित रूप से उनके लिए काफी भावनात्मक और शारीरिक थकान वाला था। मार्टिना के लिए पिछले 24 घंटे काफी कठिन थे, लेकिन उन्होंने समय निकाला और हमारे मैच के बारे में चर्चा की। उन्होंने रात में जल्दी बिस्तर पर जाने की कोशिश की और सुबह वार्मअप के लिए जल्दी पहुंचीं। वह काफी प्रोफेशनल एप्रोच रखती हैं। पेस और हिंगिस ने जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन का मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीता था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लिएंडर पेस, मार्टिना हिंगिस, विम्बलडन 2015, विम्बलडन मिक्स्ड डबल्स, सानिया मिर्जा, Leander Paes, Martina Hingis, Wimbledon 2015, Wimbledon Mixed Doubles, Sania Mirza
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com